वाराणसी : किशोरियों को भगाने के आरोपित दो युवक गिरफ्तार, किशोरी बरामद
कपसेठी और राजातालाब पुलिस ने की कार्रवाई
शादी के इरादे से 12 मार्च को किशोरियों को ले गये थे दोनों
वाराणसी, भदैनी मिरर। जिले के राजातालाब और कपसेठी थानों की पुलिस ने किशोरियों को बहला-फुसला कर भगाने के आरोपित दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कपसेठी पुलिस ने युवक के साथ गई किशोरी को बरामद कर लिया है। जबकि राजातालाब से ले जाई गई किशोरी दो दिन पहले ही घर आ गई थी। पुलिस ने आरोपितों का चालान कर दिया।
कपसेठी पुलिस ने बताया कि वह पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि किशोरी को भगाने का आरोपित सरांवा गांव के पास चोरघट्टा पुल पर मौजूद है। उसके साथ किशोरी भी है। इसके बाद पहुंची टीम ने युवक को गिरफ्तार करने के साथ किशोरी को बरामद कर लिया। धारा 137(2) के तहत गिरफ्तार युवक आकाश कुमार दांदूपुर जईपुर गांव का निवासी है। गौरतलब है कि युवक 15 वर्षीया किशोरी को 12 मार्च को ले गया था। परिवारवालों ने तहरीर में बताया था कि उनकी पुत्री रात एक बजे घर से कहीं चली गई थी। इसके बाद उन्होंने युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया।
उधर, राजातालाब पुलिस मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर अपहरण के आरोपित रोहित प्रजापति को जयापुर से गिरफ्तार किया। 19 वर्षीय रोहित चंदापुर गांव का निवासी है। ग्राम जयापुर, थाना राजातालाब के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपित किशोरी को 12 मार्च को शादी करने की नीयत से बहला-फुसला कर भगा ले गया था। परिवारवालों ने 16 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस का दबाव पड़ने पर उसी दिन किशोरी अपने घर लौट आई थी।