{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: शिवपुर रिंग रोड पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, टायर फटने से हुआ हादसा, एक चालक की मौत

हरहुआ से सन्दहा की ओर जा रहे थे दोनों ट्रक, हादसे के बाद मौके पर पहुंचे तरना चौकी प्रभारी, पुलिस ने शव को कब्जे में लिया

 

मवाराणसी, भदैनी मिरर। शिवपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर रिंग रोड के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की जान चली गई। रिंग रोड पर पास लेने की होड़ और अचानक ट्रक का टायर फटने के कारण दो ट्रकों में भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
टायर फटने से अनियंत्रित हुआ ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:00 बजे दो ट्रक हरहुआ की तरफ से सन्दहा की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान सामान लदे एक ट्रक का टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर लड़खड़ाने लगा। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

A post shared by Bhadaini Mirror (@bhadainimirrornews)

उपचार के दौरान चालक की मौत
हादसे में पीछे वाले ट्रक के चालक, 38 वर्षीय राजीव लोचन चौरसिया, बुरी तरह घायल हो गए और केबिन में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही तरना चौकी प्रभारी रोहित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को ट्रक से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए दीनदयाल अस्पताल भेजा। हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान राजीव लोचन चौरसिया की मृत्यु हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना के बाद रिंग रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। चौकी प्रभारी रोहित सिंह ने बताया कि टायर फटने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।