वाराणसी: बरेका से लौटी दो नर्सिंग छात्राएं बेहोश, सुंदरपुर में छात्राओं का प्रदर्शन; कांग्रेस ने घेरा, पुलिस ने कहा- अफवाह से बचें
कॉलेज प्रशासन पर आरोप-बस से ले गए, लेकिन वापसी में छात्राओं को चिलचिलाती गर्मी में पैदल छोड़ा
वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर स्थित उपकार नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मामला कॉलेज प्रशासन की कथित लापरवाही से जुड़ा है, जिसके कारण दो छात्राएं बरेका क्षेत्र से लौटते समय चिलचिलाती धूप में बेहोश हो गईं। इस घटना के बाद आक्रोशित छात्राओं ने सुंदरपुर-नरिया मुख्य मार्ग को करीब आधे घंटे तक जाम रखा।
क्या है छात्राओं का आरोप?
प्रदर्शनकारी छात्राओं का कहना है कि कॉलेज प्रबंधन की ओर से लगभग 80 छात्राओं को वाहन के जरिए बरेका ले जाया गया था। आरोप है कि वापसी के समय कॉलेज ने बस की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई, जिसके कारण छात्राओं को भीषण गर्मी में सभा स्थल से कॉलेज तक पैदल यात्रा करनी पड़ी। इसी दौरान दो छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और वे सड़क पर ही बेहोश हो गईं।
अजय राय ने साधा निशाना, पुलिस ने दी सफाई
इस घटना को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए इसे प्रधानमंत्री की जनसभा की बदइंतजामी से जोड़ा। उन्होंने लिखा कि "मेडिकल छात्राओं का इस तरह बेहोश होना दुर्भाग्यपूर्ण और विचलित करने वाला है।"
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एडीएम सिटी मौके पर पहुंचे और छात्राओं को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। डीसीपी काशी ने स्पष्ट किया कि यह कॉलेज प्रशासन की आंतरिक असुविधा का मामला है। उन्होंने कहा- "छात्राओं की नाराजगी कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ थी। कुछ लोग इसे प्रधानमंत्री की सभा से जोड़कर भ्रामक तरीके से प्रसारित कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
कॉलेज पर होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने छात्राओं को आश्वासन दिया है कि उनकी शिकायतों के आधार पर नर्सिंग कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और बीमार छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि इस घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।