वाराणसी: रोहनिया में दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत
अखरी गांव के सामने सर्विस लेन पर तेज रफ्तार बनी काल,परिवारों में मचा कोहराम
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अखरी गांव के पास बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार दो अपाचे बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने बाद में ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पत्नी को अस्पताल छोड़कर घर लौट रहा था राहुल
मिली जानकारी के अनुसार, रोहनिया के अखरी निवासी राहुल उर्फ काजू पटेल (25 वर्ष) पुत्र बीरेंद्र पटेल अपनी गर्भवती पत्नी किरन देवी को डाफी स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती कराकर घर लौट रहा था। राहुल अपनी ससुराल वनपुरवा (रमना) से होकर वापस अखरी आ रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
आमने-सामने की टक्कर और फिर मौत
वहीं दूसरी बाइक पर सवार आलोक श्रीवास्तव (27 वर्ष) पुत्र उमाकांत श्रीवास्तव, निवासी खुरमावाद (चिनारी, जिला रोहतास, बिहार), अखरी बाईपास से डाफी की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों बाइक सवार अखरी गांव के सामने सर्विस लेन पर पहुंचे, तेज रफ्तार होने के कारण दोनों में सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लहूलुहान युवकों को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
परिजनों में मची चीख-पुकार
राहुल की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। एक तरफ पत्नी अस्पताल में नए मेहमान के आने का इंतजार कर रही थी, वहीं दूसरी ओर राहुल की मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।