Varanasi: चौबेपुर में दर्दनाक हादसा, दवा लेने जा रहे 30 वर्षीय राजगीर चंदन कुमार की ट्रेन की चपेट में आने से मौत
कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास बहादुरपुर गांव की घटना; दुर्ग एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुआ हादसा; परिवार में मचा कोहराम।
भदैनी मिरर क्राइम/लोकल डेस्क, वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। क्षेत्र के कादीपुर रेलवे स्टेशन से महज 500 मीटर दूर बहादुरपुर गांव के समीप रविवार शाम एक भीषण हादसे में 30 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
दवा लेने घर से निकले थे चंदन कुमार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर गांव निवासी 30 वर्षीय चंदन कुमार पेशे से राजगीर (मिस्त्री) थे। रविवार की शाम करीब 3 बजे वह घर से दवा लेने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि जब वे रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहे थे, तभी वहां से गुजर रही दुर्ग एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि चंदन कुमार को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी को मिली सूचना तो हुआ बेहाल, जीआरपी ने शव भेजा पोस्टमार्टम
हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के दो छोटे बेटे सूरज और नागेश हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी सुशीला का रो-रोकर बुरा हाल है और सदमे में वह गश खाकर गिर पड़ीं।
घटना की सूचना मिलते ही वाराणसी सिटी जीआरपी (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।