वाराणसी दर्दनाक हादसा: करंट लगने से झुलसा 17 वर्षीय किशोर, अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
वाराणसी में बड़ा हादसा: घर की खिड़की पेंट करते समय 11वीं के छात्र की करंट से मौत
जानकारी के अनुसार (मिर्जामुराद) के अरका गांव निवासी योगेंद्र कुमार के 17 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार (कक्षा 11 का छात्र) रविवार शाम अपने घर की साफ-सफाई के बाद खिड़की पेंट कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे घरेलू बिजली के खुले तार के संपर्क में आने से करंट की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिवार के लोगों की नजर जैसे ही किशोर पर पड़ी, उन्होंने तुरंत बिजली का कनेक्शन काटा और उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
इस अचानक हुई दुर्घटना से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन जब शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, तभी किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भर कर परिवार को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद परिजन कछवा स्थित गंगा घाट पर दाह संस्कार कर दिए।
मृतक राहुल कुमार दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था और स्थानीय स्कूल में कक्षा 11 के छात्र बताए गया। उसके पिता योगेंद्र कुमार मछली पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। राहुल की अचानक हुई इस आकस्मिक मृत्यु से माता-पिता और अन्य परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।