{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: वाराणसी में 7 अक्टूबर को ट्रैफिक डायवर्जन! CM योगी, असम CM और JP नड्डा के आगमन पर एडवाइजरी जारी

उत्तर प्रदेश व असम के मुख्यमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के वाराणसी दौरे को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी; बसों, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए रूट बदले।

 

भदैनी मिरर वाराणसी डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, असम के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बुधवार (07 अक्टूबर) को वाराणसी आगमन और भ्रमण के दृष्टिगत यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने सुगम यातायात व्यवस्था के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख चौराहों, रिंग रोड और व्यस्त इलाकों में सुबह 11:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कई रूट डायवर्जन और वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लागू रहेंगे।

भारी वाहन और बस चालकों के लिए प्रमुख डायवर्जन (सुबह 11:00 बजे से):

  1. हरहुआ ओवरब्रिज: बाबतपुर की तरफ से आने वाली समस्त रोडवेज व प्राइवेट बसों को ओवरब्रिज के ऊपर नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें हरहुआ रिंग रोड चौराहा से परमपुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

  2. जौनपुर, गाजीपुर व आजमगढ़ रूट: इन दिशाओं से आने वाली बसों को हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहा से परमपुर, थाना लोहता होते हुए चांदपुर चौराहा तक आने दिया जाएगा और वहीं से वापस मोड़ा जाएगा।

  3. अमरा अखरी व मोहनरांव अंडरपास: मोहनरांव अंडरपास से आने वाले चार पहिया व भारी वाहनों को जगतपुर डिग्री कॉलेज की तरफ जाने के बजाय अखरी व रखौना की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

  4. शहर में प्रवेश पर रोक: अमरा अखरी अंडरपास की तरफ से आने वाली समस्त बसों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा, इन्हें डाफी की तरफ मोड़ा जाएगा।

ऑटो, ई-रिक्शा और छोटे वाहनों के लिए दिशा-निर्देश:

  • कचहरी-सिगरा मार्ग: आवश्यकतानुसार पुलिस लाइन, चौकाघाट चौराहा, तेलियाबाग, मलदहिया से सिगरा तक ऑटो व ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

  • भिखारीपुर-चांदपुर मार्ग: भिखारीपुर से लहरतारा चौराहा होते हुए चांदपुर चौराहा तक ऑटो व ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।

  • शाम 4:00 बजे से विशेष पाबंदी: लकड़ीमंडी, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन से विशेश्वरगंज तक ऑटो व ई-रिक्शा नहीं चलेंगे।

  • मैदागिन से गोदौलिया: वीवीआईपी आगमन व प्रस्थान के समय इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

  • विशेश्वरगंज व राजघाट: विशेश्वरगंज तिराहा से शाम 4:00 बजे से चार पहिया वाहनों को गोलगड्डा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं राजघाट पुल की ओर से मालवाहक वाहनों का संचालन शाम 4:00 बजे से बंद रहेगा।

  • सर्किट हाउस व भोजूबीर क्षेत्र: आंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार तिराहा तक ऑटो/ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।

सिगरा, रथयात्रा और महमूरगंज क्षेत्र में रूट परिवर्तन:

  • सिगरा/रथयात्रा से साजन तिराहा: वीवीआईपी मूवमेंट के समय इस मार्ग के वाहनों को आकाशवाणी तिराहा से महमूरगंज की ओर मोड़ा जाएगा।

  • मंडुवाडीह से महमूरगंज: इस ओर से आने वाले वाहनों को ककरमत्ता और भिखारीपुर तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

  • आकाशवाणी से सिगरा: वाहनों को रथयात्रा चौराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस की अपील

यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने नागरिकों से अपील की है कि वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए मुख्य मार्गों के स्थान पर वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही अतिरिक्त समय लेकर यात्रा पर निकलें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।