वाराणसी ट्रैफिक एडवाइजरी: पीएम मोदी के दौरे को लेकर रूट डायवर्जन लागू, घर से निकलने से पहले देख लें पूरी लिस्ट
रोडवेज बसों और भारी वाहनों के लिए नया ट्रैफिक प्लान जारी
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय (28 और 29 अप्रैल) वाराणसी दौरे को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। वीवीआईपी भ्रमण के दौरान आम जनमानस को जाम से बचाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।
वाराणसी ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, यह डायवर्जन मुख्य रूप से 28 अप्रैल को दोपहर 12:00 बजे से रात 11:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
प्रमुख बसों के लिए डायवर्जन प्लान:
-
प्रयागराज, मीरजापुर और सोनभद्र: इन जिलों से आने वाली बसें मोहनसराय अंडरपास से मुड़ैला तिराहा तक ही आ सकेंगी और वहीं से वापस हो जाएंगी।
-
जौनपुर मार्ग: जौनपुर से आने वाली रोडवेज और प्राइवेट बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक ही आएंगी। यात्रियों के लिए बसों की पार्किंग काशी कृषक इंटर कॉलेज में होगी।
-
गाजीपुर और आजमगढ़: इस रूट की बसें आजमगढ़ रिंग रोड अंडरपास चौराहा से वापस कर दी जाएंगी।
चार पहिया और मालवाहक वाहनों के लिए प्रतिबंध:
-
बाबतपुर: वीवीआईपी आगमन से 2 घंटे पहले भारी वाहनों को शहर की तरफ आने की अनुमति नहीं होगी।
-
मण्डुवाडीह और लहरतारा: वीवीआईपी के आगमन/प्रस्थान के समय मुड़ैला, चांदपुर, बऊलिया और महमूरगंज से किसी भी वाहन को मण्डुवाडीह या लहरतारा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।
-
भिखारीपुर और नरिया: भिखारीपुर तिराहे से बीएलडब्लू (बरेका) की ओर जाने वाले वाहनों को अमरा अखरी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
BLW (बरेका) क्षेत्र में विशेष पाबंदी:
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल (बरेका इंटर कॉलेज) के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे:
-
सेन्ट्रल मार्केट, सिनेमा हॉल तिराहा और गोमती मार्केट से कार्यक्रम स्थल की ओर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
-
गेस्ट हाउस की ओर जाने वाले वाहनों को सूर्य सरोवर तिराहे की ओर मोड़ा जाएगा।
-
अधिकारी महोदय तिराहा और चेतना दिव्यांग विद्यालय मार्ग पर भी वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सामान्य आवाजाही बंद रहेगी।