{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: रिंग रोड पर तीन ट्रेलरों की भीषण टक्कर, एक चालक की मौत, दो की हालत नाजुक

चंदौली निवासी 20 वर्षीय चालक श्याम सुंदर यादव की मौके पर मौत

 

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। हरिबल्लमपुर गांव के पास तीन ट्रेलरों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोलापुर थाना क्षेत्र की चांदपुर चौकी के अंतर्गत रिंग रोड हाईवे पर हरिबल्लमपुर गांव के पास एक ट्रेलर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। सुबह के समय पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रेलर ने खड़े वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना अचानक था कि पीछे से आ रहा तीसरा ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर उनसे जा भिड़ा।

चंदौली के युवक ने गंवाई जान

तीसरे ट्रेलर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसका केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस ट्रेलर को चला रहे श्याम सुंदर यादव (20 वर्ष), निवासी पटेहू (नौगढ़), जनपद चंदौली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे घायल

सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस और चांदपुर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, दूसरे ट्रेलर में सवार दो घायल व्यक्तियों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे के बाद रिंग रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सुचारू कराया।