वाराणसी : चोरों ने राजातालाब में देसी शराब ठेके को बनाया निशाना, नकदी समेत 1.40 लाख का माल
90 हजार रूपये और 18 पेटी शराब ले गये हैं चोर
सेल्समैन पहुंचा तो हुई घटना की जानकारी
मिर्जामुराद, भदैनी मिरर। राजातालाब थाना क्षेत्र के बूढ़ापुर गांव स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान में मंगलवार की रात चोरों ने 18 पेटी देसी शराब सहित 1 लाख 40 हजार की चोरी कर ली। दुकान का सेल्समैन सनी ने रोज की तरह रात में दुकान बंद कर अपने घर चला गया। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा अंदर का नजारा पूरी तरह बदल चुका था।
सनी ने बताया कि दुकान की पेटी में करीब 90 हजार रुपये गायब हैं। 18 पेटी देसी शराब भी चोरी हो गई। कुल मिलाकर लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये का सामान चोर उठा ले गए है। चोरो की पहचान न हो सके इसलिए चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उठा ले गये। जांच में पता चला कि चोरी चोर पड़ोसी के घर का ताला तोड़कर उसके छत से होकर दुकान में दाखिल हुए थे।
घटना की जानकारी पर डायल 112 पुलिस पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह ठेका सुधा गुप्ता के नाम से है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।