वाराणसी: दिनदहाड़े दाई के बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, जीवनभर की पूंजी ले उड़े चोर, शिवपुर पुलिस जांच में जुटी
परमानंदपुर नवलपुर इलाके की घटना; काम पर गई महिला जब लौटी तो टूटा मिला अलमारी का ताला, ₹40 हजार कैश और ₹2.5 लाख के जेवर गायब; इलाके में दहशत का माहौल।
भदैनी मिरर, वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। परमानंदपुर नवलपुर इलाके में चोरों ने एक दाई (झाड़ू-पोछा करने वाली महिला) के बंद मकान को निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 40 हजार रुपये नगद और लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर काफी रोष है।
काम पर गई थी पीड़िता, पीछे से चोरों ने बोला धावा
मूल रूप से अमौत (मंगारी, थाना सिंधोरा, वाराणसी) की रहने वाली पीड़ित महिला उषा देवी परमानंदपुर नवलपुर स्थित डॉ. मांधाता सिंह के प्लॉट में बने मकान में रहती हैं और आसपास के घरों में झाड़ू-पोछा व दाई का काम करती हैं।
पीड़िता उषा देवी ने बताया, "मैं रोजाना की तरह सुबह करीब 9:30 बजे काम करने के लिए भोजूबीर (भोजूबीर/विशाल नगर) इलाके में स्थित मालिक के घर गई थी। जब दोपहर करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच मैं काम खत्म कर वापस लौटी, तो पैरों तले जमीन खिसक गई। घर का मुख्य ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉक भी टूटा पड़ा था और पूरा सामान बिखरा हुआ था।"
पाई-पाई जोड़कर जुटाई थी रकम
रोते-बिलखते हुए पीड़िता उषा देवी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि अलमारी में रखे लगभग चार-पांच थान सोने-चांदी के गहने और 40 हजार रुपये कैश चोर चुरा ले गए। उन्होंने कहा, "मैंने पिछले 5 सालों से मेहनत-मजदूरी करके, पाई-पाई जोड़कर यह पूंजी इकट्ठा की थी। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और भविष्य की जरूरतों के लिए यह पैसे बचाकर रखे थे, जिसे चोर एक झटके में उड़ा ले गए। मेरी पूरी जिंदगी की कमाई लूट गई।" घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत अपने मकान मालिक और फिर शिवपुर थाने की पुलिस को सूचना दी।
इलाके में गश्त न होने से नाराज हैं स्थानीय लोग
इस दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात के बाद नवलपुर इलाके के निवासियों में काफी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त न के बराबर होती है। पुलिस की निष्क्रियता के कारण दिन-भर इलाके में नशेड़ियों, जुआरियों और अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे राह चलती महिलाओं और बंद मकानों की सुरक्षा हमेशा खतरे में रहती है।
जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।
शिवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि चोरी की तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना स्थल के आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी गया माल बरामद किया जाएगा।