{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: चोलापुर के रामजानकी मंदिर में चोरी, भगवान के चांदी के मुकुट और दानपात्र से नकदी पार

अल्लोपुर गांव में बीती रात ग्रिल काटकर मंदिर में घुसे बेखौफ चोर; 200 ग्राम चांदी के मुकुट और नकदी ले उड़े, पुलिस जांच में जुटी।

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अल्लोपुर गांव में बीती रात बेखौफ चोरों ने आस्था के केंद्र रामजानकी मंदिर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर की लोहे की छड़ (ग्रिल) काटकर अंदर प्रवेश किया और भगवान श्री राम, माता जानकी एवं लक्ष्मण जी के चांदी के मुकुट सहित दानपात्र में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में आक्रोश व्याप्त हो गया।

200 ग्राम चांदी के मुकुट और नकदी गायब

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदिर से चोरी गए तीनों मुकुटों का कुल वजन लगभग 200 ग्राम बताया जा रहा है। इसके अलावा चोरों ने मंदिर के दानपात्र को तोड़कर उसमें रखे करीब 1,000 रुपये नकद भी पार कर दिए। शनिवार सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो कटा हुआ ग्रिल और अस्त-व्यस्त सामान देखकर हैरान रह गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल, ग्रामीणों में भारी गुस्सा

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से आपराधिक गतिविधियों और चोरी की घटनाओं में तेजी आई है। हाल ही में पास के इलाके में खड़े एक टेम्पो के पहिए भी चोर खोल ले गए थे। बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस प्रशासन द्वारा इलाके में रात्रि गश्त नहीं बढ़ाई गई, जिसके चलते बेखौफ चोरों ने अब मंदिर जैसी पवित्र जगह को निशाना बना लिया।

जांच में जुटी चोलापुर पुलिस

घटना की सूचना तुरंत चोलापुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के रास्तों और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए मुकुटों की बरामदगी नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।