{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: काशी के तुलसीघाट पर कल सजीव होगा द्वापर युग, विश्वप्रसिद्ध 'नागनथैया' लीला में गंगा बनेंगी कालिंदी

25 फीट लंबी पूंछ और साढ़े तीन फीट ऊंचे 9 फनों वाला विशाल कालिया नाग तैयार, काशिराज परिवार शाही बजड़े से करेगा दर्शन।

 

वाराणसी: परंपराओं और आस्था की कालजयी नगरी काशी में शुक्रवार को एक बार फिर द्वापर युग जीवंत होने जा रहा है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर मोक्षदायिनी मां गंगा स्वयं द्वापर युग की 'कालिंदी' (यमुना) का स्वरूप धारण करेंगी और तुलसीघाट का तट कृष्णकाल का साक्षी बनेगा। काशी के प्रसिद्ध 'लक्खा मेले' में शुमार विश्वविख्यात 'नागनथैया' (कालिया नाग नाथन) लीला का भव्य मंचन कल यानी शुक्रवार को होगा, जिसे देखने के लिए लाखों श्रद्धालु अपलक निहारेंगे।

500 साल पहले गोस्वामी तुलसीदास ने रखी थी नींव

इस ऐतिहासिक और अद्वितीय कृष्णलीला की जड़ें करीब 500 वर्ष पुरानी हैं। संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के अनुसार, 16वीं शताब्दी में गोस्वामी तुलसीदास ने काशी में रामलीला के साथ-साथ इस पावन कृष्णलीला का भी सूत्रपात किया था। आज भी 'अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास' के तत्वावधान में पारंपरिक दोहों और चौपाइयों के सस्वर पाठ के साथ यह लीला बिना किसी रुकावट के अनवरत जारी है।

शाही बजड़े से दर्शन करेंगे काशिराज परिवार के कुंवर

लीला के दौरान वर्षों पुरानी राजसी परंपरा का भी निर्वहन किया जाएगा। परंपरा के अनुसार, काशिराज परिवार के कुंवर अनंत नारायण सिंह अपने परिवार के साथ शाही बजड़े पर सवार होकर तुलसीघाट पहुंचेंगे। वे जल में विराजमान भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर उन्हें विशेष नजराना अर्पित करेंगे।

25 फीट लंबी पूंछ और 9 फनों वाला विशाल कालिया नाग तैयार

नागनथैया लीला को भव्य रूप देने के लिए तुलसीघाट पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कारीगर काष्ठ (लकड़ी) से बने विशाल कालिया नाग के रंग-रोगन में पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।

तैयारियों में लगे कारीगरों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी कालिया नाग की पूंछ करीब 25 फीट लंबी बनाई गई है। इसके नौ फनों में से प्रत्येक फन साढ़े तीन फीट ऊंचा और इतना ही चौड़ा तैयार किया गया है। लीला के समय इस विशालकाय कालिया नाग को बांस के सहारे गंगा की लहरों के बीच स्थापित किया जाएगा, जिस पर सवार होकर बाल कृष्ण लीला का मंचन करेंगे।

फिलहाल, तुलसीघाट पर उत्सव जैसा माहौल है और प्रशासन व आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।