वाराणसी: अधिवक्ताओं को ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज देने की घोषणा पर सेंट्रल बार ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
सेंट्रल बार एसोसिएशन 'बनारस' में हर्ष की लहर; एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट और इंटीग्रेटेड कोर्ट कैंपस की जल्द घोषणा की जताई उम्मीद
वाराणसी / भदैनी मिरर: प्रयागराज में आयोजित हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के समस्त अधिवक्ताओं को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की ऐतिहासिक घोषणा का वाराणसी के अधिवक्ता समाज ने जोरदार स्वागत किया है। इस घोषणा पर 'द सेन्ट्रल बार एसोसिएशन बनारस' और समूचे वकील समुदाय ने मुख्यमंत्री के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।
आगामी वाराणसी दौरे पर होगा भव्य स्वागत
सेंट्रल बार एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक में वकीलों ने खुशी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के इस फैसले से प्रदेश के लाखों अधिवक्ताओं और उनके परिवारों को बड़ी सामाजिक सुरक्षा मिलेगी। सेंट्रल बार के पदाधिकारियों ने ऐलान किया कि मुख्यमंत्री के आगामी वाराणसी आगमन पर संगठन की ओर से उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा।
एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट और इंटीग्रेटेड कोर्ट कैंपस की मांग
बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने आशा व्यक्त की कि प्रदेश सरकार अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 'एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट' (Advocate Protection Act) लागू करने तथा शिवपुर स्थिति सेंट्रल जेल की खाली जमीन पर इंटीग्रेटेड कोर्ट कैंपस (Integrated Court Campus) के निर्माण की घोषणा भी यथाशीघ्र करेगी।
बैठक में ये प्रमुख अधिवक्ता रहे मौजूद
आभार व्यक्त करने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता सेंट्रल बार के अध्यक्ष श्री प्रेम प्रकाश सिंह 'गौतम' (एडवोकेट) तथा संचालन महामंत्री श्री आशीष कुमार सिंह (एडवोकेट) ने किया।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष श्री मुरलीधर सिंह, पूर्व महामंत्री श्री सुरेन्द्र नाथ पाण्डेय, बनारस बार के पूर्व महामंत्री श्री शशांक श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री नृपेन्द्र प्रताप सिंह 'नन्हे', कनिष्ठ उपाध्यक्ष श्री जितेन्द्र यादव 'गुड्डू', श्री रंजन कुमार मिश्र, श्री राजेश सिंह, श्री जावेद अख्तर, श्री विकास श्रीवास्तव, श्री हरिश्चन्द्र मौर्य, श्री विनोद सिंह, श्री अमित तिवारी, श्री शारदा यादव, श्री सुशील कुमार मौर्य, श्री अजीत कुमार मौर्या, श्री राजेश कुशवाहा और श्री अंकुर प्रकाश समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।