{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: रोहनिया में बंद कमरे से MSc छात्रा का शव बरामद, बदबू आने पर पहुंची पुलिस, हत्या के एंगल पर जांच जारी 

18 अगस्त से लापता थी इकलौती बेटी, दोस्त के घर से मिली चाबी से खुला कमरा

 


वाराणसी, भदैनी मिरर। रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पीछे पश्चिम पूरा इलाके में एक बंद कमरे से युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान श्रेया उपाध्याय उर्फ सोनम के रूप में हुई है, जो MSc की छात्रा थी और अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी।

बदबू आने पर हुआ खुलासा

स्थानीय लोगों को जब मकान से तेज बदबू आई, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर युवती का शव पड़ा था। मृतका के पिता सुनील उपाध्याय निवासी मरूई (थाना राजातालाब) पेशे से कपड़ा व्यापारी हैं। परिजनों ने 18 अगस्त को राजातालाब थाने में श्रेया की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।


युवक के घर से मिली कमरे की चाबी


परिजनों के अनुसार, श्रेया की बातचीत लगातार विवेक चौबे नाम के एक युवक से होती थी। गुरुवार सुबह परिजन बेटी के बारे में पूछने विवेक के घर पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला। तलाशी के दौरान युवक के बैग से कुछ दस्तावेज और एक चाबी मिली। पुलिस की सूचना पर परिजन जब उस चाबी को लेकर घटनास्थल वाले कमरे पर पहुंचे, तो उसी चाबी से कमरे का ताला खुला, जहां श्रेया का शव बरामद हुआ।


आला अधिकारी और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी क्राइम/गोमती नीतू कादयान, एडीसीपी वरुणा लिपि नाग्याच, एसीपी राजातालाब और एसीपी रोहनिया सहित चार थानों के थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
फोरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। वहीं, एसओजी (SOG) टीम आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस और सर्विलांस की मदद से मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जाएगा।