{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: तीन दिन से लापता रेलवे ग्रुप डी परीक्षा पास छात्र का तालाब में मिला शव, शरीर पर मिले चोट के निशान

बड़ागांव के पुआरी कला गांव की सनसनीखेज घटना; साइकिल और घर की दूरी में अंतर और शरीर पर जख्म देख भड़के परिजन, मौके पर पहुंचे एडीसीपी।

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पुआरी कला गांव से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिछले तीन दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता 28 वर्षीय युवक का शव शनिवार दोपहर सर सैयद पब्लिक स्कूल के पास स्थित एक तालाब से बरामद किया गया। मृतक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और हाल ही में रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा भी पास कर चुका था। घटना के बाद से इलाके में कोहराम मचा हुआ है।

गुरुवार दोपहर से था लापता, शुक्रवार को दर्ज हुई थी गुमशुदगी

पुआरी कला के बड़ापुरा निवासी राम दयाल गिरि का 28 वर्षीय पुत्र अंकुर प्रतियोगी परीक्षाओं की कड़ी तैयारी में जुटा था। वह रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा में सफलता हासिल कर चुका था और केवल उसका मेडिकल परीक्षण बाकी था। परिजनों के मुताबिक, अंकुर बीते गुरुवार दोपहर को अपनी साइकिल से घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।

परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन जब उसका कहीं सुराग नहीं लगा, तो शुक्रवार को बड़ागांव थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

तालाब में मिला शव, शरीर पर मिले चोट के निशान

शनिवार दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों ने सर सैयद पब्लिक स्कूल के पास स्थित तालाब में एक शव उतराया हुआ देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त अंकुर के रूप में की।

शव की हालत देख परिजनों और ग्रामीणों की आशंकाएं गहरी हो गईं। मृतक के शव से काफी दुर्गंध आ रही थी, आंखों से खून निकला हुआ था और दाहिने हाथ की उंगलियों के नाखून गायब थे। मौके पर पहुंची फोरेन्सिक टीम ने जब शर्ट उतारकर जांच की, तो शरीर पर चोट के कई गंभीर निशान पाए गए। इसके अलावा, अंकुर की साइकिल घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर एक पेट्रोल पंप के पास लावारिस हालत में बरामद हुई, जबकि घर से तालाब की दूरी लगभग दो किलोमीटर है।

एडीसीपी गोमती जोन ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। परिजनों ने साफ तौर पर अंकुर की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, परिजनों की तहरीर और आरोपों के आधार पर पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।