वाराणसी: चोलापुर हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के पास दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप, पुलिस-फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी
चोलापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर की घटना; जांच में जुटी SOG
भदैनी मिरर, वाराणसी: धर्म नगरी वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव फेंके जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शवों को चोलापुर स्थित हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के पीछे बनियापुर इलाके में बाउंड्री के पास फेंक दिया और फरार हो गए। सुबह जब कॉलेज का स्टाफ वहां पहुंचा, तो शवों को देख उनके होश उड़ गए, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
कॉलेज परिसर के पास उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़
डिग्री कॉलेज के पास दो शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही चोलापुर थाना पुलिस, एसओजी (SOG) टीम और एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
शवों से आ रही थी दुर्गंध, मौके पर मिला जहरीला पदार्थ
पुलिस अधिकारियों ने जब घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तो शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। पुलिस के मुताबिक, दोनों शव थोड़े पुराने प्रतीत हो रहे हैं और उनसे काफी तेज दुर्गंध आ रही थी। इसके साथ ही घटनास्थल से कुछ जहरीला पदार्थ भी बरामद हुआ है, जिससे मामला और उलझ गया है। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
जमीन देखने गए थे दोनों युवक
प्रारंभिक जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में से एक युवक की पहचान अभिजीत गांगुली के रूप में हुई है, जो वाराणसी के नई बस्ती, हुकुलगंज का निवासी था। वहीं, दूसरे युवक की पहचान निहाल सिंह के रूप में करने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने किसी रिश्तेदार द्वारा खरीदी गई जमीन को देखने के लिए चोलापुर आए थे।
जल्द होगा घटना का खुलासा: एसीपी सारनाथ
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। मौके पर मृतकों के रोते-बिलखते परिजन भी पहुंच चुके हैं। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि फॉरेंसिक और पुलिस टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या की वजह क्या थी और इस वारदात के पीछे कौन है, इसका खुलासा करने के लिए पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।