{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: चोलापुर में वाहन की टक्कर से पलटा टेंपो, चालक मुकेश कुमार की मौत 

वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर टिसौरा गांव के पास शनिवार रात हुआ हादसा; जंसा के कटवारूपुर का रहने वाला था मृतक 

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर शनिवार रात हुए एक सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। घटना टिसौरा गांव के समीप रात करीब 10 बजे की है, जब दानगंज से वाराणसी की ओर जा रहे टेंपो को एक वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दानगंज से वाराणसी जा रहा था चालक

पुलिस के अनुसार, जंसा क्षेत्र के कटवारूपुर निवासी मुकेश कुमार शनिवार रात दानगंज से टेंपो लेकर वाराणसी की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे चोलापुर इलाके में टिसौरा गांव के पास पहुंचे, तभी एक वाहन ने उनके टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।

सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां मेडिकल परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।