वाराणसी: मिर्जामुराद में किशोरी के साथ हैवानियत; छेड़खानी के बाद मारपीट कर झाड़ियों में फेंका, आरोपी फरार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई
Apr 13, 2026, 20:20 IST
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। शौच के लिए निकली एक नाबालिग किशोरी को न केवल छेड़खानी का शिकार बनाया गया, बल्कि विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया। आरोपी युवक किशोरी को मरणासन्न हालत में झाड़ियों में फेंककर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी सोमवार की तड़के घर से शौच के लिए खेतों की ओर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान घात लगाकर बैठे आरोपी युवक अमित कुमार बिंद (निवासी: जमुआ, नारायणपुर, जनपद मिर्जापुर) ने किशोरी को पीछे से दबोच लिया। आरोपी ने किशोरी के साथ अश्लील हरकतें और छेड़खानी शुरू कर दी।
जब किशोरी ने अपनी अस्मत बचाने के लिए शोर मचाया और कड़ा विरोध किया, तो आरोपी आपे से बाहर हो गया। उसने किशोरी के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। किशोरी को बेदम करने के बाद आरोपी उसे पास ही की एक 'बसवाड़' (बांस के झुरमुट) और झाड़ियों में फेंककर भाग निकला।
काफी देर तक जब किशोरी घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। अनहोनी की आशंका में परिवार के लोग खेतों की तरफ उसकी तलाश करने निकले। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने देखा कि किशोरी झाड़ियों के बीच लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पड़ी थी।
परिजनों ने तत्काल उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद जब किशोरी को होश आया, तब उसने रोते हुए अपने साथ हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती सुनाई।
घटना के बाद पीड़िता के चाचा ने मिर्जामुराद थाने में आरोपी अमित कुमार बिंद के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी मिर्जामुराद, प्रमोद कुमार पाण्डेय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि: "तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं। विधिक कार्रवाई प्रचलित है और अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।