Varanasi: Instagram पोस्ट से मिला सुसाइड अलर्ट, चोलापुर पुलिस ने 17 मिनट में पहुंचकर 19 वर्षीय युवक की बचाई जान
मेटा के अलर्ट सिस्टम से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई, जहर पीने से पहले युवक को रोका, पुलिस ने की काउंसलिंग
Mar 29, 2026, 20:33 IST
वाराणसी, भदैनी मिरर। सोशल मीडिया पर किए गए एक सुसाइड पोस्ट के बाद मेटा कंपनी के अलर्ट पर चोलापुर पुलिस ने महज 17 मिनट में कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवक की जान बचा ली। पुलिस की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई।
इंस्टाग्राम पोस्ट से मिला अलर्ट
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को चोलापुर क्षेत्र के एक 19 वर्षीय युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा
“आज आखिरी रात है मेरी, कोई कॉल नहीं करना क्योंकि मैं जहर खा लिया।”
इस पोस्ट के आधार पर मेटा कंपनी ने तड़के 1:45 बजे उत्तर प्रदेश पुलिस को ईमेल और फोन के जरिए अलर्ट भेजा।
17 मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सोशल मीडिया सेल ने तुरंत युवक की लोकेशन ट्रेस कर थाना चोलापुर को सूचना दी।
उपनिरीक्षक अवनीश मिश्रा और आरक्षी विकास शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे और महज 17 मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गए।
जहर पीने से पहले रोका
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो युवक एक गिलास में कीटनाशक घोलकर पीने ही वाला था। पास में कीटनाशक का खाली रैपर भी मिला।
पुलिसकर्मियों ने तुरंत गिलास छीनकर उसे जहर पीने से रोका और परिजनों की मदद से प्राथमिक उपचार कराया।
प्रेम प्रसंग में तनाव बना कारण
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मजदूरी करता है और एक लड़की से प्रेम करता है, लेकिन बातचीत बंद होने के कारण वह मानसिक तनाव में था। इसी वजह से उसने आत्महत्या का प्रयास किया।
पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की, जिसके बाद उसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए धन्यवाद दिया।
2022 से लागू है अलर्ट सिस्टम
उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच 2022 से एक व्यवस्था लागू है, जिसके तहत फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट होने पर पुलिस को तुरंत अलर्ट भेजा जाता है, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव हो सके।