वाराणसी: छात्रों ने यूजीसी के खिलाफ किया जोरदार प्रदर्शन, लगाए 'यूजीसी मुर्दाबाद' के नारे
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ कृषि विज्ञान एवं तकनीकी संकाय के छात्रों ने कहा – काला कानून है UGC, जल्द वापस लो नहीं तो आंदोलन जारी रहेगा
वाराणसी, भदैनी मिरर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कृषि विज्ञान एवं तकनीकी संकाय के छात्रों ने गुरुवार सुबह भैरव तालाब क्षेत्र में यूजीसी (University Grants Commission) के नए नियमों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने "यूजीसी वापस लो" और "यूजीसी मुर्दाबाद" जैसे नारे लगाए।
छात्रों का कहना है कि यह कानून छात्रों के बीच मतभेद पैदा कर रहा है और परिसर में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बांटने का काम कर रहा है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस कानून को वापस नहीं लेती है तो उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान छात्र कॉलेज कैंपस का चक्कर लगाते हुए नारेबाजी करते रहे। सूचना मिलने पर राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को तहसील जाकर ज्ञापन देने के बजाय परिसर में ही ज्ञापन सौंपने की सलाह दी।
छात्र राजमंगल ने कहा, “यह कानून छात्रों के बीच जहर घोलने का काम कर रहा है। परिसर में होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक यह काला कानून पूरी तरह वापस नहीं होता।”