Varanasi: राज्य महिला आयोग ने की जनसुनवाई, 6 में से 2 मामलों का मौके पर निस्तारण
21 नवंबर को हरहुआ में लगेगी जागरूकता चौपाल; कौशल विकास व आजीविका मिशन की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
भदैनी मिरर , वाराणसी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता विश्वकर्मा ने शुक्रवार (20 नवंबर) को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 06 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 02 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को प्रभावी कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
किन मामलों पर हुई सुनवाई और क्या दिए गए निर्देश?
जनसुनवाई में भूमि विवाद, महिला उत्पीड़न, पति द्वारा प्रताड़ना, पुश्तैनी मकान विवाद तथा ट्रांसजेंडर सेल में निष्क्रिय सदस्यों के स्थान पर सक्रिय सदस्यों के चयन से जुड़े प्रकरण सामने आए।
सदस्या गीता विश्वकर्मा ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को भेजते हुए विभागीय अधिकारियों से जनकल्याणकारी और लाभार्थीपरक योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएं। साथ ही उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन तथा उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अधिकारियों को योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
21 नवंबर को विकास खंड हरहुआ में जागरूकता चौपाल
बैठक में जानकारी दी गई कि 21 नवंबर (दिन शनिवार) को विकास खंड हरहुआ में सभी विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जागरूकता चौपाल का आयोजन किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की पूरी जानकारी व लाभ मिल सके।
विभिन्न विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि रहे उपस्थित
जनसुनवाई और समीक्षा बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा, पुलिस उपायुक्त महिला अपराध, बाल विकास परियोजना अधिकारी राकेश बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि, महिला कल्याण विभाग से संरक्षण अधिकारी निरूपमा सिंह, उर्दू अनुवादक रशीदा बेगम, सेंटर मैनेजर चोलापुर पूजा सिंह, सेंटर मैनेजर पिंडरा नेहा सिंह, हब फॉर वूमेन एम्पावरमेंट से प्रियंका राय, केस वर्कर पूजा (रामनगर) तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पी.एल.वी. मौजूद रहे। इसके अलावा स्वास्थ्य, पंचायत, श्रम, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण और पिछड़ा कल्याण विभाग के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।