वाराणसी: सपा ने कलेक्ट्रेट पर सरकार को घेरा; जमीन अधिग्रहण और कंदवा में 'बुलडोजर' कार्रवाई के खिलाफ हुंकार
संदहा और फरीदपुर के अधिग्रहण के खिलाफ सपा ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी [भदैनी मिरर]: वाराणसी के कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। एमएलसी आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में सपाइयों ने जिलाधिकारी (DM) को संबोधित दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन विकास के नाम पर किसानों की आजीविका छीन रहा है और गरीबों के आशियानों पर अन्यायपूर्ण तरीके से बुलडोजर चला रहा है।
"सब्जी उगाने वाले किसानों को भुखमरी की ओर धकेल रहा प्रशासन"
तहसील सदर के मौजा फरीदपुर और संदहा (परगना शिवपुर) में पर्यटन विकास के नाम पर हो रहे जमीन अधिग्रहण का सपा ने कड़ा विरोध किया है।
-
सपा नेताओं का कहना है कि ये जमीनें उन किसानों की हैं जो पीढ़ियों से साग-सब्जी उगाकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं।
-
यदि अधिग्रहण का प्रस्ताव रद्द नहीं किया गया, तो ये परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच जाएंगे।
कंदवा कांड: 7 पीढ़ियों से रह रहे लोगों को बेघर करने का आरोप
दूसरा ज्ञापन बरईपुर-कंदवा की यादव बस्ती में हुई बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ था। सपा नेताओं ने कहा कि वहां लोग पिछले 100-150 वर्षों (7 पीढ़ियों) से रह रहे थे। नगर निगम ने पुलिस बल का प्रयोग कर न केवल घर गिराए, बल्कि वहां मौजूद गौशालाओं को भी तहस-नहस कर दिया। सपा ने इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर मुकदमे की मांग की है।
सड़क से सदन तक लड़ेंगे लड़ाई: एमएलसी आशुतोष सिन्हा
जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने कहा:
"आज बनारस का प्रशासन लगातार यादव समाज और गरीबों के घरों को गिराने का काम कर रहा है। संदहा, फरीदपुर हो या जितपुर, हर जगह गलत तरीके से भूमि अधिग्रहण और गरीबों को पीड़ित करने का प्रयास जारी है। इसके खिलाफ समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक लड़ने का काम करेगी।"
प्रशासन का आश्वासन
ज्ञापन लेने के बाद जिलाधिकारी ने सपा प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी मदद करेगा और कहीं भी कुछ गलत नहीं होने दिया जाएगा। हालांकि, सपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।