वाराणसी: सोनम वांगचुक के समर्थन में सपा की एक दिवसीय भूख हड़ताल, जिलाध्यक्ष बोले- 'तानाशाही सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा नौजवान'
पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी की मांग, शास्त्री घाट पर बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी का प्रदर्शन
वाराणसी (भदैनी मिरर)। देश में लगातार हो रहे पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रख्यात इंजीनियर व शिक्षाविद् सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल जारी है। सोनम वांगचुक के इस आंदोलन को अब राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का भी बड़ा समर्थन मिलने लगा है। इसी क्रम में गुरुवार, 16 जुलाई को वाराणसी के जिला मुख्यालय स्थित शास्त्री घाट पर बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी (महानगर एवं जिला) के तत्वावधान में एक दिवसीय भूख हड़ताल का आयोजन किया गया।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पेपर लीक के दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर आवाज बुलंद की।
कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी है समाजवादी पार्टी: लक्कड़ पहलवान
भूख हड़ताल में विशेष रूप से शामिल हुए समाजवादी पार्टी के वाराणसी जिला अध्यक्ष सुजीत यादव "लक्कड़ पहलवान" ने सरकार पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "सोनम वांगचुक जी को दिल्ली में भूख हड़ताल पर बैठे लगभग 19 दिन हो चुके हैं। समाजवादी पार्टी देश के भविष्य और छात्रों के साथ हो रहे इस अन्याय के खिलाफ उनके साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी है। यह तानाशाही सरकार गूंगी और बहरी हो चुकी है, जो अंग्रेजों से भी बदतर व्यवहार कर रही है। हम तुरंत केंद्रीय शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग करते हैं।"
उन्होंने आगे प्रदेश सरकार को भी घेरते हुए आरोप लगाया कि यूपी में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं और नौकरियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री केवल गरीबों के घर उजाड़ने में माहिर हैं, वे किसी का घर बसा नहीं पा रहे।
युवाओं के भविष्य के साथ हो रहा है खिलवाड़
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे महानगर अध्यक्ष अमन यादव और जिला अध्यक्ष जितेंद्र यादव (मलिक) ने संयुक्त रूप से कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं देश के करोड़ों छात्र-छात्राओं के सपनों को तोड़ रही हैं। सरकार को इस पर अपनी जवाबदेही तय करनी ही होगी। सोनम वांगचुक जी बिना किसी हिंसा के, लोकतांत्रिक तरीके से देश के युवाओं की बात रख रहे हैं। अगर सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक फैसला नहीं लिया, तो इस आंदोलन को पूरे उत्तर प्रदेश में और भी व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा।
वरिष्ठ नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मिला साथ
शास्त्री घाट पर आयोजित इस एक दिवसीय अनशन में संदीप मिश्रा सहित बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के तमाम पदाधिकारी, समाजवादी पार्टी की मुख्य इकाई के वरिष्ठ नेता, बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और छात्र-युवा शामिल हुए। अनशन के अंत में सभी ने एक सुर में संकल्प लिया कि जब तक देश के छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता और सोनम वांगचुक की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे चुप नहीं बैठेंगे।