{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi Sigra Stadium Gym: सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 62 लाख की लागत से बना अत्याधुनिक जिम

HDFC बैंक के सहयोग से निखरी काशी के खिलाड़ियों की फिटनेस; एक ही छत के नीचे 21 खेलों के साथ अब मिलेगी वर्ल्ड क्लास जिमिंग की सुविधा

 

वाराणसी / भदैनी मिरर: मेट्रो शहरों की तर्ज पर अब धर्मनगरी काशी के खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों को शहर के मध्य में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की अत्याधुनिक जिमिंग सुविधा मिलेगी। नगर निगम वाराणसी और एचडीएफसी (HDFC) बैंक के सहयोग से सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में लगभग 62 लाख रुपये की लागत से निर्मित हाईटेक जिम का बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने फीता काटकर लोकार्पण किया।

पीएम मोदी के विजन से खेल नगरी बनी काशी: महापौर

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि सिगरा स्टेडियम का वर्तमान विश्वस्तरीय स्वरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणादायी खेल नीति और काशी के प्रति उनके विशेष लगाव की देन है। पीएम मोदी के प्रयासों से ही इस स्टेडियम को पुनर्विकसित कर यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) का विशेष सेंटर स्थापित किया गया।

उन्होंने एशियाई खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले 'साई सिगरा' के निशानेबाज़ कमलजीत की उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं और सटीक ट्रेनिंग से काशी का नाम विश्व पटल पर चमक रहा है। महापौर ने गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और लालपुर स्टेडियम के जीर्णोद्धार को काशी में खेल संस्कृति के संवर्धन के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

एक ही छत के नीचे 21 खेलों के साथ वर्ल्ड क्लास जिम

कार्यक्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में सिगरा स्टेडियम जैसा कोई परिसर नहीं है, जहाँ एक ही छत के नीचे 21 प्रकार के खेलों की सुविधा उपलब्ध हो। अब इस अत्याधुनिक जिम के जुड़ने से स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को शारीरिक फिटनेस के लिए आवश्यक सभी आधुनिक उपकरण और संसाधन एक ही जगह मिल सकेंगे।

इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद सिंधू सोनकर, राजकपूर चौधरी, मो. कासिम खां, स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी, एचडीएफसी बैंक के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनीष टंडन सहित कई गणमान्य नागरिक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

जिम में स्थापित प्रमुख अत्याधुनिक उपकरण:

  • कार्डियो व स्ट्रेंथ ज़ोन: कर्व्ड ट्रेडमिल, एयर रोवर मशीन, क्रॉस ट्रेनर, स्पिन बाइक, स्की मशीन और लेग/चेस्ट प्रेस मशीनें।

  • मसल एंड बॉडी शेपिंग: शोल्डर प्रेस, लैट पुल डाउन, स्क्वैट रैक, डेडलिफ्ट प्लेटफॉर्म, केबल क्रॉसओवर, हिप थ्रस्ट, एब्डोमिनल क्रंच व रोटेशन मशीन।

  • विशेष आकर्षण: वर्कआउट के बाद रिलेक्सेशन के लिए 'फुल बॉडी मसाज रिक्लाइनर सोफा', बैटल रोप, ओलंपिक रॉड, डम्बल रैक और प्रीमियम लेदर मैट्स।