{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: T-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता की 'सेवा संकल्प ट्रॉफी' का अनावरण

सिगरा स्टेडियम में आयोजित होगी राष्ट्रीय स्तर की दिव्यांग क्रिकेट स्पर्धा; होटल ताज में ट्रॉफी लॉन्च के दौरान बोले नितिन नवीन— "दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं।"

 

भदैनी मिरर डेस्क: धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में आयोजित होने वाली T-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता के बहुप्रतीक्षित खिताब ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का गुरुवार को भव्य अनावरण किया गया। वाराणसी के होटल ताज में आयोजित गरिमामय समारोह में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ट्रॉफी का अनावरण किया। इस दौरान भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की विशेष गरिमामय उपस्थिति रही।

"दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं": नितिन नवीन

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिव्यांग खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना की। उन्होंने कहा, "दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। हमारे दिव्यांगजन किसी भी क्षेत्र में किसी से पीछे नहीं हैं। जब भी उन्हें उपयुक्त मंच और अवसर मिला है, उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर देश का नाम वैश्विक पटल पर रोशन किया है।"

नितिन नवीन ने आगे जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। भविष्य में भी दिव्यांग खेलों को बढ़ावा देने और बुनियादी ढांचा मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।

समावेशी भारत का संदेश देगा आयोजन

आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने प्रतियोगिता के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय आयोजन का मूल ध्येय दिव्यांग खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाना, उनमें नई उम्मीद जगाना और खेल के माध्यम से समाज में एक समावेशी भारत (Inclusive India) का संदेश देना है।

ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों का विस्तृत ब्योरा सौंपा। उन्होंने जानकारी दी कि सिगरा स्टेडियम में प्रस्तावित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

कार्यक्रम में गणमान्य जनों की रही मौजूदगी

समारोह का कुशल संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। उन्होंने नितिन नवीन का आभार जताते हुए कहा कि देश के दिव्यांगजन उनके और सरकार के प्रयासों के साथ मजबूती से खड़े हैं। अंत में संयोजक वीरभद्र सिंह ने अतिथियों और आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर पद्मश्री विमल जैन, राहुल गुप्ता व रोहित गुप्ता (ट्विंस ब्रदर्स), अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी, शशि भूषण त्रिपाठी, रवि प्रताप सिंह 'साजन', और चंदन सिंह सिसोदिया सहित खेल व सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।