{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: कैंट पुलिस पर गंभीर आरोप, गैर-जमानती धाराओं में मुकदमा दर्ज आरोपी को थाने से छोड़ने का मामला

संपत्ति विवाद और फर्जी मार्कशीट बनाकर दत्तक पुत्र बनने के दावे का मामला; कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ था केस; पीड़ित ने थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की।

 

भदैनी मिरर क्राइम/लोकल डेस्क, वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। संपत्ति विवाद और कूटरचित मार्कशीट तैयार कर फर्जी तरीके से दत्तक पुत्र बनने के गंभीर मामले में अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज होने के बावजूद, कैंट पुलिस पर आरोपी को थाने से ही छोड़ देने का बड़ा आरोप लगा है। फुलवरिया निवासी पीड़ित अमन कुमार ने इस मामले में पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

क्या है पूरा संपत्ति और मार्कशीट का विवाद?

शिकायतकर्ता अमन कुमार के मुताबिक, आरोपी अरविंद कुमार मौर्य उनके बड़े पिताजी के साले का बेटा है। उनके बड़े पिताजी और बड़ी माताजी का निधन हो चुका है और उनकी कोई संतान नहीं थी। आरोप है कि इसके बाद अरविंद कुमार मौर्य ने खुद को उनका दत्तक पुत्र बताते हुए उनकी संपत्ति पर अवैध रूप से अधिकार जताना शुरू कर दिया।

अमन कुमार का आरोप है कि संपत्ति पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से आरोपी ने अपनी शैक्षणिक अंकतालिका (Mark Sheet) में बड़ा फर्जीवाड़ा किया। आरोप है कि पुरानी हाईस्कूल मार्कशीट के अनुसार आरोपी की उम्र दत्तक ग्रहण के समय 14 वर्ष से अधिक थी, जिसे छिपाने के लिए दूसरी फर्जी मार्कशीट बनवाई गई। इस नई मार्कशीट में जन्मतिथि बदलने के साथ-साथ पिता के नाम के स्थान पर शिकायतकर्ता के बड़े पिताजी का नाम दर्ज कराया गया।

न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ था मुकदमा

दस्तावेजों में इस हेरफेर और धोखाधड़ी से तंग आकर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। न्यायालय के सख्त आदेश के बाद कैंट थाने में 20 अक्टूबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 529/2026 दर्ज किया गया। इस मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर गैर-जमानती धाराएं—जैसे 318(4), 319(2), 351(3), 352, 338, 336(3) और 340(2) शामिल हैं। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक उमाशंकर द्वारा की जा रही है।

"पकड़कर थाने लाने के बाद भी आरोपी को क्यों छोड़ा?"

पीड़ित अमन कुमार ने पुलिस कमिश्नर को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि 11 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 से 8 बजे के बीच विवेचक द्वारा आरोपी अरविंद कुमार मौर्य को पकड़कर कैंट थाने लाया गया था। लेकिन, कुछ ही घंटों बाद उसे थाने से छोड़ दिया गया।

पीड़ित ने सवाल उठाया है कि जब मामले में गैर-जमानती धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज है, तो आखिर किस आधार पर आरोपी को थाने से जाने दिया गया? पीड़ित ने कैंट थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग करते हुए कहा है कि 11 नवंबर की शाम 5 से 8 बजे के बीच के फुटेज से पूरी सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने इस मामले में लापरवाह पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।