वाराणसी: नमो घाट पर फिर सामने आई दबंगई, सिक्योरिटी गार्ड्स और नाविकों ने बिहार के पर्यटकों को लाठी-डंडों से पीटा
गेट खोलने को लेकर हुई कहासुनी के बाद घेराबंदी कर मारपीट; एडीसीपी बोले— वीडियो साक्ष्य के आधार पर होगी कड़ी कार्रवाई
वाराणसी (भदैनी मिरर न्यूज़): धर्मनगरी काशी के प्रमुख पर्यटन स्थल नमो घाट पर एक बार फिर सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय दबंगों की गुंडई का मामला उजागर हुआ है। आदमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नमो घाट के गेट नंबर 2 के समीप सोमवार देर रात घूमने पहुंचे बिहार के पर्यटकों के साथ सिक्योरिटी गार्ड्स और कुछ नाविकों ने जमकर मारपीट की। पीड़ित युवकों का आरोप है कि उन्हें लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
गेट खोलने के मामूली विवाद में हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे बिहार के भभुआ निवासी दुरेश अंसारी अपने दोस्तों मोहम्मद रकीब, अरमान फारूकी सहित पांच साथियों के साथ नमो घाट घूमने पहुंचे थे। रात अधिक होने के कारण जब वे बाहर निकलने लगे तो गेट बंद हो चुका था। पीड़ित दुरेश का कहना है कि जब उन्होंने वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड से गेट खोलकर बाहर जाने का अनुरोध किया, तो गार्ड बहस करने लगा।
देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और वहां मौजूद कुछ स्थानीय नाविकों और गार्ड्स ने पर्यटकों को चारों तरफ से घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से बेदर्दी से उन्हें पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित युवकों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और आदमपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पीड़ितों का यह भी कहना है कि नमो घाट पर पुलिस चौकी होने के बावजूद समय पर कोई मदद नहीं मिली और पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो चुके थे।
एडीसीपी बोले: दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
घटना का संज्ञान लेते हुए एडीसीपी काशी ज़ोन वैभव बांगर ने बताया कि सोशल मीडिया और पीड़ितों के माध्यम से नमो घाट पर पर्यटकों के साथ हुई मारपीट की जानकारी मिली है। पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं। एडीसीपी ने स्पष्ट किया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी व वीडियो फुटेज के आधार पर चिन्हित कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी जा चुकी है एक पर्यटक की जान
उल्लेखनीय है कि नमो घाट पर बाउंसरों और सिक्योरिटी गार्ड्स की गुंडई का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी सोनभद्र के रहने वाले एक युवक के साथ नमो घाट पर सुरक्षाकर्मियों द्वारा बर्बरतापूर्वक मारपीट की गई थी, जिसमें इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से काशी आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।