{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में लगातार बारिश से 26 सितंबर को कक्षा 12 तक के स्कूल बंद, डीएम का आदेश जारी

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन का बड़ा फैसला, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए स्कूल जाना रहेगा अनिवार्य

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। बारिश के कारण बच्चों को होने वाली परेशानियों और सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार, 26 सितंबर को जनपद के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।

जिलाधिकारी के निर्देश पर इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) वाराणसी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) भूपेंद्र सिंह ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि यह आदेश जनपद के सभी परिषदीय, सरकारी, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) और अन्य सभी बोर्डों के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।

शिक्षक और कर्मचारियों के लिए खुला रहेगा विद्यालय


प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह छुट्टी केवल छात्रों के शिक्षण कार्य के लिए घोषित की गई है। विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों (Non-Teaching Staff) को नियमानुसार समय पर विद्यालय पहुंचना अनिवार्य होगा। शिक्षक एवं कर्मचारी स्कूल परिसर में उपस्थित रहकर अपने विभागीय और प्रशासनिक कार्य निपटाएंगे।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधकों व प्राचार्यों को चेतावनी दी है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।