Varanasi School Closed: वाराणसी में भारी बारिश के अलर्ट पर कक्षा 5 तक के स्कूल बंद, 6 से 12 का बदला समय
जिलाधिकारी के निर्देश पर BSA और DIOS ने जारी किया आदेश; प्राथमिक शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश
भदैनी मिरर न्यूज़ डेस्क: जनपद वाराणसी में मौसम के बदलते मिजाज और अत्यधिक वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में 9 अगस्त को प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 05 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, कक्षा 06 से 12 तक की कक्षाओं के संचालन के समय में भी बदलाव किया गया है।
कक्षा 06 से 12 तक के स्कूलों की नई टाइमिंग
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 9 अगस्त को कक्षा 06 से 12 तक संचालित होने वाले सभी स्कूल प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक ही खोले जाएंगे। यह आदेश जनपद के समस्त परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, ICSE, CBSE एवं अन्य सभी बोर्डों के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
शिक्षकों के लिए लागू रहेंगे ये निर्देश
छुट्टी के बावजूद परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 01 से 05) के समस्त शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को अपने-अपने विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। इस अवधि में शिक्षक अपार आई०डी० (APAAR ID), डी०बी०टी० (DBT), यू-डायस (U-DISE) और अन्य महत्वपूर्ण विभागीय कार्यों को पूरा करेंगे।
कड़ाई से अनुपालन के आदेश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) भूपेंद्र सिंह ने जनपद के सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अवहेलना करने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।