वाराणसी: कैंट स्टेशन पर बेगमपुरा एक्सप्रेस से 16 लाख कैश बरामद, बोरे में नोट भर कर ले जा रहा था व्यापारी
GRP और RPF की संयुक्त चेकिंग में पकड़ा गया, 10 रुपये से लेकर 200 रुपये तक के नोटों की गड्डियों से भरा था बोरा
Apr 22, 2026, 09:01 IST
वाराणसी, भदैनी मिरर। कैंट (वाराणसी जंक्शन) रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को जीआरपी और आरपीएफ की मुस्तैदी से एक बड़ी बरामदगी हुई है। सुरक्षा बलों ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यापारी के पास से बोरे में भरकर ले जाए जा रहे 16 लाख रुपये जब्त किए हैं। पकड़े गए नोटों में 10 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की गड्डियां शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी व्यापारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्लेटफार्म नंबर 8 पर मची खलबली
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर बेगमपुरा एक्सप्रेस खड़ी थी। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर के नेतृत्व में टीम रूटीन चेकिंग कर रही थी। तभी जनरल कोच में बैठा एक यात्री पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर जवानों ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक ट्रॉली बैग, एक पिठ्ठू बैग और एक संदिग्ध बोरा मिला। जब बोरे को खोला गया, तो उसमें नोटों की गड्डियां देख पुलिस के होश उड़ गए।
शाहजहांपुर का रहने वाला है आरोपी
पूछताछ में आरोपी की पहचान शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र (पंजाबी कॉलोनी) निवासी रवि गुलाटी (45) के रूप में हुई है। उसने खुद को कॉस्मेटिक व्यापारी बताया और दावा किया कि वह इस रकम को बनारस से शाहजहांपुर ले जा रहा था। हालांकि, मौके पर वह नकदी से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका।
शादी समारोहों में खपाने का शक, आयकर विभाग सक्रिय
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आयकर विभाग की टीम को सूचित किया गया। अधिकारियों ने नोटों की गिनती की और व्यापारी से घंटों पूछताछ की। बरामद रकम में 10, 20, 50, 100 और 200 रुपये की नई-पुरानी करेंसी भरी पड़ी थी।
जांच के मुख्य बिंदु :
- करेंसी एक्सचेंज: इतनी भारी मात्रा में छोटे नोटों का होना किसी बड़े कमीशन के खेल की ओर इशारा कर रहा है।
- शादी का सीजन: विभाग इस एंगल पर भी काम कर रहा है कि क्या इन नोटों को शादियों में उड़ाने (छाबर) या हार बनाने के लिए भारी मुनाफे पर बेचा जाना था।
- अवैध व्यापार: कॉस्मेटिक व्यापार की आड़ में कहीं यह हवाला या टैक्स चोरी का मामला तो नहीं है।
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसे हिरासत में रखकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।