{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi Road Accident: वाराणसी में सड़क हादसों का तांडव, पेड़ से टकराई बाइक तो अज्ञात वाहन ने राहगीर को कुचला; 3 की मौत

पिंडरा में तेज रफ्तार बाइक पीपल के पेड़ से टकराने से दो युवकों की दर्दनाक मौत, एक घायल।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी वाराणसी में सड़क हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों में एक मजदूर समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। इन वारदातों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

घटना 1: पिंडरा में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत

सिंधोरा थाना क्षेत्र के मरुई (श्रीराम इंटरप्राइजेज के सामने) रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पीपल के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक (TVS Star Sports) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

  • मृतक व घायल: हादसे में मेघियां गांव निवासी साजन जैसवार (28) और विवेक जैसवार (30) की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, उनके साथ मौजूद अरविंद उर्फ संतु जैसवार (32) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका ट्रामा सेंटर में इलाज जारी है।

  • बहन के घर से लौट रहे थे युवक: बताया जा रहा है कि तीनों युवक सेंटरिंग का काम करते थे और अपनी बहन प्रीति जैसवार के घर ग्राम सरायशेख लार्ड से लौट रहे थे। पुलिस ने सोमवार को दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना 2: रोहनिया के बीकापुर में बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत

रोहनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीकापुर सर्विस रोड पर रविवार रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने पैदल जा रहे एक मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी।

  • मृतक की पहचान: मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र (पुरैनिया गांव) निवासी सुनील साहनी (25) जगतपुर में रहकर मजदूरी करते थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

  • परिवार का रो-रोकर बुरा हाल: मृतक सुनील तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी नीलू देवी, पिता बैजू साहनी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर मालिक की तलाश शुरू कर दी है।

घटना 3: शहावाबाद में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से राहगीर की मौत

रोहनिया के ही शहावाबाद इलाके में एक अन्य सड़क हादसे में अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को कुचल दिया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

  • स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। प्राथमिक जांच में मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि सभी मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस मामलों की गहराई से जांच में जुटी है।