Varanasi Ramnagar Ramlila 2026: रामनगर रामलीला की तैयारियों को लेकर नगर निगम सख्त
स्थलीय निरीक्षण में मिली कमियों पर भड़के महापौर अशोक तिवारी: रामबाग मैदान से जलभराव हटाने और नाले का पानी रोकने के कड़े निर्देश; अफसरों को दिन में दो बार रिपोर्ट देने के आदेश
वाराणसी / भदैनी मिरर: विश्व प्रसिद्ध रामनगर की ऐतिहासिक रामलीला में देश-विदेश से उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क और एक्शन मोड में आ गया है। धार्मिक आयोजनों और मेलों के दौरान काशी आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और चाक-चौबंद नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धरातल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रामनगर रामलीला मैदान का औचक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर महापौर ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को सीधे चेतावनी दी कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मैदान से जलभराव हटाने और नाला बंद करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान रामबाग के सामने मैदान में हल्का जलभराव देखकर महापौर ने मातहतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल पंप लगाकर पानी निकलवाने और जमीन को समतल करने के लिए राख (भस्सी) डालने का निर्देश दिया।
वहीं, पड़ोसी जिले चंदौली की ओर से आ रहे नाले के जरिए रामबाग तालाब में गिर रहे गंदे पानी को देखकर महापौर ने अधिकारियों को इसे तुरंत रोकने के आदेश दिए। इसके अलावा, खेदू पहलवान बीर बाबा रोड तथा पंचवटी त्रिमुहानी पर जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए सक्शन मशीन और पंप लगाकर स्थाई निकासी सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारियों को मौके पर डटे रहने का अल्टीमेटम
महापौर ने जेई (जूनियर इंजीनियर), एई (असिस्टेंट इंजीनियर) और स्वास्थ्य निरीक्षक को रामलीला क्षेत्र में ही मौके पर डटे रहकर सभी समस्याओं को तत्काल दुरुस्त कराने की हिदायत दी। साथ ही मुख्य अभियंता और प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को रोजाना दो बार स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट सौंपने का सख्त अल्टीमेटम जारी किया।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
निरीक्षण के समय जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, अधिशासी अभियंता विकास कुरील समेत नगर निगम के तमाम वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पार्षद, भारतीय जनता पार्टी मंडल के पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।