{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: 14 जून से 60 दिनों तक रात में बंद रहेगा राजघाट पुल, रूट डायवर्जन प्लान लागू; घर से निकलने से पहले पढ़ें ये खबर

मालवीय ब्रिज पर मरम्मत कार्य के चलते रात 10 से सुबह 6 बजे तक वाहनों की नो-एंट्री, केवल पैदल यात्रियों को मिलेगी छूट।
 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी और चंदौली को आपस में जोड़ने वाले ऐतिहासिक मालवीय ब्रिज (राजघाट पुल) से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद जरूरी खबर है। राजघाट पुल पर आगामी 14 जून से बड़े पैमाने पर मरम्मत का कार्य शुरू होने जा रहा है, जो 13 अगस्त तक चलेगा। इस कार्य के चलते अगले 60 दिनों तक रात के समय पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।

अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान मिश्रा ने बताया कि मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए रोजाना 8 घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक प्रतिदिन रात 10:00 बजे से सुबह 06:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर राजघाट पुल के दोनों छोरों पर सीमेंटेड डिवाइडर लगाकर रास्ता बंद किया जाएगा। हालांकि, पड़ाव और राजघाट के बीच पैदल चलने वाले यात्रियों को आने-जाने की छूट रहेगी।

इस पूरी व्यवस्था और ब्लॉक को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को यातायात पुलिस, रेलवे और पीडब्ल्यूडी (PWD) के आला अधिकारियों की एक समन्वय बैठक होने जा रही है।

यात्री ध्यान दें: ये रहेगा रूट डायवर्जन प्लान (Route Diversion)

मरम्मत कार्य के दौरान रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच वाराणसी आने-जाने वाले वाहनों को निम्नलिखित वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा:

  • छोटे और हल्के वाहन: रात के समय पड़ाव और राजघाट की ओर से आने-जाने वाले वाहन अब रामनगर-सामनेघाट पुल के रास्ते वाराणसी शहर में प्रवेश कर सकेंगे।

  • भारी वाहन (Heavy Vehicles): भारी वाहनों को शहर में आने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें टेंगरा मोड़ हाईवे से डाफी और मोहनसराय की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

  • बिहार की ओर से आने वाले वाहन: बिहार की तरफ से आने और जाने वाले वाहन हाईवे और रिंग रोड फेज-3 के पंचफेड़वा मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।