{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, नारिया-संकट मोचन मार्ग पर नाला ओवरफ्लो

दो साल से बनी जलजमाव की समस्या पर भड़के स्थानीय लोग; दुकानदारों ने हादसों से बचाने को खुद की बैरिकेडिंग, नगर निगम की लापरवाही पर उठाए सवाल।

 

भदैनी मिरर (डिजिटल डेस्क), वाराणसी: काशी में पिछले दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने नगर निगम के जल निकासी और सड़क रखरखाव के दावों की हवा निकाल दी है। लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत नारिया से संकट मोचन जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाले का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों, बाइक चालकों और स्थानीय दुकानदारों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।

दो साल से जस की तस बनी है समस्या

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलजमाव और जर्जर सड़क की यह समस्या पिछले दो वर्षों से बनी हुई है। हर मानसून में यहां हालात बदतर हो जाते हैं, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस व स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

पानी से लबालब भरे गड्ढे के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। हादसों की बारंबारता को देखते हुए स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने खुद ही लकड़ी और बांस से बैरिकेडिंग कर खतरनाक गड्ढे को घेरा है ताकि राहगीर दुर्घटना का शिकार न हों।

सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

स्थानीय दुकानदार जंग बहादुर प्रजापति का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। यदि सीमेंट और कंक्रीट का मानक के अनुसार प्रयोग हुआ होता, तो सड़क इतनी जल्दी नहीं टूटती।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम, ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी/इंजीनियरिंग विभाग की अनदेखी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश के बीच इस मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश है। अब देखना होगा कि संबंधित प्रशासनिक महकमा इस समस्या पर कब तक सुध लेता है और गड्ढे को भरवाकर जल निकासी दुरुस्त कराता है।