वाराणसी : महमूरगंज के होटल हैवन इन में देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़
दो महिलाएं, संचालक और सह संचालक गिरफ्तार, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सेवापुरी क्षेत्र के चकलोला गांव के संतोष सिंह के मकान में चल रहा था होटल, मालिक को थी पूरे मामले की जानकारी
वाराणसी, भदैनी मिरर। भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज स्थित लखरांव- बजरडीहा मार्ग पर श्रीराम कालोनी में लबे सड़क पर हैवन इन होटल में रविवार को पुलिस ने छापा मारकर अवैध देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया। इस दौरान दो महिलाएं, होटल संचालक और सह संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इस भवन का मालिक और कपसेठी थाना क्षेत्र के चकलोला गांव निवासी संतोष सिंह की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार हैवन इन होटल सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के चकलोला गांव निवासी संतोष सिंह का है। इसे किराए पर लेकर राजेश तिवारी चलाता है। यह राजेश तिवारी चकलाघर चलाने का मास्टरमाइंड है। इससे पहले राजेश चितईपुर में किराये का मकान लेकर प्रतिमा इन के नाम से होटल चलाता था। चितईपुर में जब उसके अनैतिक देह व्यापार का भांडा फूटा तो उसने संतोष सिंह के होटल को किराये पर लेकर देह व्यापार का धंधा शुरू कर दिया। अब वह लखरांव- बजरडीहा मार्ग पर हैवेन इन होटल नाम से देह व्यापार का धंधा कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने चंदौली जिले के खलुआ गांव के आशीष कुमार पासवान, बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया क्षेत्र के औरंगजेब आफरी, संचालक राजेश तिवारी और भवन स्वामी संतोष सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
फिलहाल संचालक राजेश तिवारी और सह संचालक औरंगजेब आफरी के अलावा दो महिलाएं पुलिस कस्टडी में हैं। सूत्रों के अनुसार छापे से पहले कई और लोग होटल में मौजूद रहे। छापे के दौरान मौका पाकर भाग निकले। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अनैतिक देव व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा भेलूपुर एसीपी की तहरीर पर दर्ज किया गया है। मौके से पकड़ी गईं महिलाएं विवाहित हैं और दूसरे प्रान्त की हैं। इस होटल में अनैतिक देह व्यापार की गतिविधियों से कालोनी के लोग वाकिफ थे। जब उनके सिर से पानी उपर जाने लगा तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी। होटल के भूतल पर चार दुकानें हैं। बताया जाता है कि भवन स्वामी संतोष िंसंह को मामले की पूरी जानकारी थी। लेकिन वह जानबूझकर अनजान बना रहा।