{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi : बिना मालिक के ही बेच दिया मकान, ₹5,99,54,900 हड़पे- दंपती समेत तीन पर जैतपुरा थाने में FIR

चौकाघाट स्थित मकान को अपना बताकर किया करोड़ों का सौदा, रजिस्ट्री से मुकरने पर खुला फर्जीवाड़ा
 

 

वाराणसी के चौकाघाट इलाके में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दूसरे के मकान को अपना बताकर 5.99 करोड़ रुपये हड़पने के आरोप में दंपती समेत तीन लोगों के खिलाफ जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पीड़ित काजीसादुल्लापुरा निवासी महताब आलम की शिकायत पर पुलिस ने मिर्जापुर के महुअरिया पीएसी गेट, बिलकिस विला निवासी इमरान खान, उसकी पत्नी हीना खानम और दालमंडी निवासी मिर्जा हारून बेग उर्फ विक्की को नामजद किया है।

चौकाघाट का मकान बताकर तय कराया सौदा

महताब आलम के अनुसार, आरोपियों ने चौकाघाट पानी टंकी के पास स्थित मकान को अपना बताते हुए ₹5,99,54,900 में सौदा तय किया। उन्होंने अपने मित्र शमशेर के साथ मिलकर मकान खरीदने की सहमति दी।

आरोपी इमरान खान ने एडवांस के तौर पर ₹1 करोड़ ले लिया, जबकि बाकी रकम भी अलग-अलग किश्तों में बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई गई।

स्टांप के पैसे भी दूसरे खाते में मंगवाए

पीड़ित ने बताया कि इमरान खान के कहने पर स्टांप शुल्क की रकम मिर्जा हारून बेग उर्फ विक्की के बैंक खाते में भेजी गई। पूरा पैसा मिलने के बाद आरोपी रजिस्ट्री कराने में टालमटोल करने लगे। जब पीड़ित को शक हुआ और सख्ती दिखाई गई, तब जाकर मामला उजागर हुआ।

जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दंपती समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।