Varanasi: BHU अस्पताल में प्रसूता ने की खुदकुशी, ऑक्सीजन प्लांट के पास फंदे से लटका मिला शव; NICU में भर्ती है नवजात
सोनभद्र से बच्चे का इलाज कराने आई थी 27 वर्षीय निक्की; डॉक्टरों के डिस्चार्ज न करने पर तनाव में थी महिला
भदैनी मिरर (वाराणसी )। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में गुरुवार (5 नवंबर 2026) की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। सोनभद्र से अपने बीमार नवजात बच्चे का इलाज कराने आई 27 वर्षीय महिला ने अस्पताल के बाल रोग विभाग के समीप ऑक्सीजन प्लांट के पास फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह सुरक्षा गार्ड की सूचना पर पहुंची लंका थाना पुलिस और BHU चौकी प्रभारी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोनभद्र से BHU रेफर होकर आई थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनभद्र जिले के अनपरा क्षेत्र अंतर्गत धनवाहा गांव की रहने वाली निक्की (27 वर्ष) को लोढ़ी अस्पताल से स्थिति गंभीर होने पर BHU रेफर किया गया था। 28 अक्टूबर को BHU अस्पताल पहुंचने के बाद निक्की ने एक बेटे को जन्म दिया। जन्म के समय से ही नवजात शिशु की स्थिति काफी नाजुक थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने उसे बाल रोग विभाग के NICU (बेड नंबर 5) में भर्ती कर इलाज शुरू किया।
बच्चे को घर ले जाने की जिद, डॉक्टरों के इनकार से तनाव में थी मां
मृतका की सास मनसिया के अनुसार, 4 नवंबर की रात निक्की अपने नवजात बच्चे को घर ले जाने की जिद कर रही थी। हालांकि, नवजात की गंभीर और नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से डिस्चार्ज करने से साफ मना कर दिया था। इस बात को लेकर वह बेहद मानसिक तनाव और अवसाद में आ गई थी।
परिजनों ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे सभी ने एक साथ खाना खाया था, जिसके कुछ देर बाद निक्की अचानक वार्ड से गायब हो गई। पति रामविलास और सास ने पूरी रात अस्पताल परिसर में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह फंदे से लटका मिला शव, मचा हड़कंप
गुरुवार सुबह बाल रोग विभाग के सुरक्षा गार्ड ने ऑक्सीजन प्लांट के पास निक्की का शव फंदे से लटका देखा। सिक्योरिटी गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और अस्पताल प्रशासन को दी, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
CCTV खंगाल रही फोरेंसिक और लंका पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही BHU चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए।
लंका पुलिस का कहना है कि परिजनों व सास के बयानों को दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल परिसर और ऑक्सीजन प्लांट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।