{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस पर ऐतिहासिक ऑल वुमेन पुलिस परेड, 400 महिला पुलिसकर्मियों ने किया शक्ति प्रदर्शन

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण, पहली बार ऑल वुमेन परेड का आयोजन; उत्कृष्ट सेवा देने वाले पुलिसकर्मी और समाजसेवी हुए सम्मानित
 

 

वाराणसी,भदैनी मिरर। 77वें गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस लाइन परिसर में भव्य और गरिमामय परेड का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश में पहली बार ऑल वुमेन पुलिस परेड आयोजित की गई, जिसने महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक तस्वीर प्रस्तुत की।

कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी  मोहित अग्रवाल द्वारा कैम्प कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हुई। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के प्रति निष्ठा और कर्तव्यबोध की शपथ दिलाई।

पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि रविन्द्र जायसवाल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण कर मान-प्रणाम ग्रहण किया।

पहली बार ऑल वुमेन पुलिस परेड

गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण रही ऑल वुमेन पुलिस परेड, जिसमें 400 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। इस परेड का नेतृत्व ACP UT मानसी दहिया ने किया। अनुशासन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला पुलिस बल ने यह संदेश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में उनकी भूमिका मजबूत और प्रभावशाली है।

परेड प्रतियोगिता में विजेता टोलियाँ

मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली परेड टोलियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान की गई—

  • प्रथम स्थान: टोली संख्या 11
  • द्वितीय स्थान: टोली संख्या 02
  • तृतीय स्थान: टोली संख्या 07

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों का उत्साह

स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी रंगारंग बना दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए विद्यालयों को सम्मानित किया गया—

  • प्रथम स्थान: अटल आवासीय विद्यालय
  • द्वितीय स्थान: हैप्पी मॉडर्न स्कूल, पहड़िया
  • तृतीय स्थान: वीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज

उत्कृष्ट सेवा पर सम्मान

गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं समाजसेवियों को उनके सराहनीय और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
भारत सरकार के गृह मंत्री द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक पुलिस उपायुक्त यातायात/सुरक्षा अनिल कुमार यादव को प्रदान किया गया।
वहीं, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा विभिन्न श्रेणियों में कई पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशंसा चिन्ह (हीरक एवं रजत) तथा शौर्य सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, पुलिस आयुक्त द्वारा विशेष कार्यों हेतु 40 पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।

समाजसेवियों का भी सम्मान

जनपद में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में योगदान देने वाले 16 समाजसेवियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के संदेश और संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने के आह्वान के साथ हुआ। यह समारोह न केवल पुलिस बल की क्षमता का प्रतीक बना, बल्कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश भी दे गया।