{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी पुलिस: कांवड़ियों के लिए रिज़र्व रहेगी एक लेन, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी 

 सावन से पहले काशी में सुरक्षा सख्त: वाराणसी-भदोही बॉर्डर से लेकर रिंग रोड तक आला अधिकारियों ने परखा कांवड़ रूट

 

वाराणसी। भगवान शिव के अतिप्रिय मास सावन की शुरुआत से पहले कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगमता को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने वाराणसी-भदोही के सीमावर्ती इलाकों और मिर्जामुराद क्षेत्र का सघन दौरा कर कांवड़ यात्रा रूट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर मातहतों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।


हर साल लाखों की संख्या में आते है कांवड़िए 


प्रयागराज से गंगाजल लेकर नेशनल हाईवे (NH-19) के रास्ते वाराणसी (काशी विश्वनाथ धाम) पहुंचते हैं। इस भारी भीड़ को देखते हुए हर वर्ष की तरह इस बार भी हाईवे की एक लेन को पूरी तरह कांवड़ियों के लिए आरक्षित (रिजर्व) करने की योजना है। शनिवार को आला अधिकारियों का काफिला सबसे पहले वाराणसी और भदोही के सीमावर्ती क्षेत्र गुड़िया बॉर्डर पहुंचा। यहाँ अधिकारियों ने रूट डायवर्जन और सुरक्षा चौकियों की स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद टीम मिर्जामुराद स्थित बंगला चट्टी के राधा कृष्ण मंदिर पहुंची, जहां कांवड़ियों के विश्राम और सुरक्षा को लेकर व्यापक चर्चा हुई। अधिकारियों ने इसके बाद रखौना रिंग रोड और राजातालाब क्षेत्र का भी बारीकी से निरीक्षण किया।


इस हाई-प्रोफाइल निरीक्षण के दौरान पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी जमीन पर मुस्तैद दिखे। मुख्य रूप से डीसीपी गोमती नीतू कादयान, एडीसीपी नृपेंद्र, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा, एसीपी राजातालाब वीर सिंह व गोपाल जी कुशवाहा थाना प्रभारी मिर्जामुराद निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे। 
इस दौरान यातायात प्रबंधन ट्रैफिक विभाग को निर्देश दिया गया कि कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश समय रहते प्रतिबंधित किया जाए और वैकल्पिक मार्गों (रूट डायवर्जन) का साइन बोर्ड स्पष्ट रूप से लगाया जाए ताकि आम जनता को असुविधा न हो। 


दुरुस्त कर लिए जाएं सीसीटीवी कैमरे 

बंगला चट्टी मंदिर और अन्य विश्राम स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थिति दुरुस्त करने और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों (एलआईयू) की तैनाती के निर्देश दिए गए। एनएचएआई और स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले गड्ढों को तुरंत भरने और स्ट्रीट लाइटों को चालू करने को कहा गया है। एडिशनल सीपी ने स्पष्ट कहा कि सावन मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिवभक्तों की सेवा और सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।" इस निरीक्षण के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया है और सावन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है।