{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: चौकी से सीज ट्रेलर लेकर भागने वाले चालक और खलासी को, पुलिस ने पीछा कर दबोचा

वाराणसी पुलिस का क्विक एक्शन: कछवा रोड चौकी से गायब हुआ ट्रेलर, चंद घंटों में टेंगरा मोड़ पर घेराबंदी कर पकड़ा

 
वाराणसी। मिर्जामुराद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस चौकी से सीज ट्रेलर चोरी-छिपे लेकर फरार होने वाले चालक और परिचालक (खलासी) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से फरार किया गया ट्रेलर भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए दोनों अभियुक्त बिहार के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार को मिर्जामुराद थाना क्षेत्र की कछवा रोड चौकी पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और बिना किसी वैध कागजात के चल रहे एक ट्रेलर (संख्या: BR-45-GB-3794) को सीज किया था। सीज करने के बाद वाहन को कछवा रोड सर्विस लेन के किनारे पुलिस की निगरानी में खड़ा कराया गया था।
29 मई की रात करीब 01:00 बजे ट्रेलर का चालक और खलासी मौके का फायदा उठाकर सीज वाहन को चुपके से लेकर फरार हो गए। वाहन गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने कुबूल किया कि वाहन सीज होने के बाद उन्हें मालिक से भारी डांट पड़ने का डर था। इसी डर की वजह से उन्होंने अपने पास मौजूद ट्रेलर की दूसरी चाबी का इस्तेमाल किया और रात के अंधेरे में वाहन लेकर भाग निकले।
घटना के बाद थाना मिर्जामुराद में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा (मु0अ0सं0 148/2026) पंजीकृत किया गया। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देश पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी और वाहन बरामदगी के लिए तुरंत पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया।
सघन चेकिंग और तलाश के दौरान 29 मई को ही मिर्जामुराद पुलिस टीम ने टेंगरा मोड़ (रामनगर क्षेत्र) से घेराबंदी कर ट्रेलर को बरामद कर लिया और मौके से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के बाद मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। अंकित यादव (चालक) पुत्र बुल्लू यादव, निवासी- ग्राम भटौनी, थाना रामगढ़, जनपद भभुआ (बिहार) चन्दन यादव (परिचालक/खलासी) पुत्र मोतीलाल यादव, निवासी- ग्राम रहारी, थाना रामगढ़, जनपद भभुआ (बिहार)। सराहनीय कार्य करने वाली इस पुलिस टीम में मिर्जामुराद थाने के उप-निरीक्षक (U.I.) संदीप कुमार सिंह, उप-निरीक्षक कौशल किशोर, हेड कांस्टेबल महेन्द्र कुमार पटेल, हेड कांस्टेबल सर्वेन्द्र सरोज और कांस्टेबल कमलेश कुमार यादव शामिल रहे।