{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: मासूम का निजी अंग जलाने वाली शिक्षिका पर बढ़ा POCSO Act, हिरासत में लेने की तैयारी में पुलिस

अकथा के सोरेन सोनी स्कूल का मामला: पुलिस अधिकारियों ने दर्ज किए बयान, खंगाली गई सीसीटीवी फुटेज; बीईओ ने भी की जांच

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: वाराणसी के अकथा (काशी इन्क्लेव) स्थित सोरेन सोनी स्कूल में प्ले ग्रुप के एक छोटे से मासूम बच्चे के साथ हुई बर्बरता के मामले में लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। छात्र का निजी अंग गर्म चाकू से जलाने के आरोपी शिक्षिका प्रीति कुशवाहा पर पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट की अतिरिक्त धाराएं बढ़ा दी हैं। इस बात के संकेत मिले हैं कि पुलिस जल्द ही आरोपी शिक्षिका को हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है।

पुलिस अधिकारियों ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज, दर्ज किए बयान

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को एडीसीपी वरुणा लिपि नगायच और एसीपी कैंट समेत पुलिस टीम ने स्कूल परिसर का दौरा किया। टीम ने पीड़ित छात्र, उसके परिजनों, स्कूल की प्रिंसिपल और अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की और उस रसोई (किचन) का भी निरीक्षण किया, जहाँ मासूम को करीब दो मिनट के लिए ले जाया गया था।

शिक्षिका पर कसता शिकंजा

लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, स्कूल प्रशासन, प्रिंसिपल हेमलता सिंह और शिक्षिका से गहन पूछताछ की गई है। साक्ष्यों और पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर मामले में पॉक्सो एक्ट की अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई हैं। जल्द ही आरोपी शिक्षिका प्रीति कुशवाहा को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा विभाग की ओर से भी जांच शुरू

दूसरी ओर, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अखिलेश यादव ने भी स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल और शिक्षिका से पूछताछ की है। वह इस मामले में अपनी विस्तृत रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को सौंपेंगे।

क्या था पूरा मामला?

अकथा निवासी पीड़ित छात्र के अधिवक्ता पिता ने 24 जुलाई को लालपुर-पांडेयपुर थाने में मामला दर्ज कराया था। आरोप के मुताबिक, बच्चे को बाथरूम जाने से रोका गया और जब उसने पैंट में पेशाब कर दिया, तो शिक्षिका उसे किचन में ले गई। आरोप है कि वहाँ लाइटर से चाकू गर्म करके मासूम के निजी अंग को जला दिया गया। घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे बच्चे का बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर में इलाज कराया गया।