{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर 'आशीर्वाद के दीयों' से जगमगाई काशी, संपूर्णानंद स्टेडियम में जले 10 हजार दीये

महापौर अशोक तिवारी ने प्रज्ज्वलित किया पहला दीया; खिलाड़ियों और शहरवासियों ने दीप जलाकर मांगी प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना

 

वाराणसी (नगर निगम) / भदैनी मिरर: सनातन संस्कृति और आधुनिक विकास के अद्भुत समन्वय का केंद्र बन चुकी बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में गुरुवार (17 सितंबर 2026) को अपने लोकप्रिय सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन बेहद अनूठे व भावनात्मक अंदाज में मनाया गया। शाम ढलते ही पूरी काशी 'आशीर्वाद के दीयों' की जगमगाहट से नहा उठी, जिससे नगर में देव दीपावली जैसा विहंगम दृश्य जीवंत हो गया।

संपूर्णानंद स्टेडियम में जले 10 हजार दीये

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित दीपोत्सव का मुख्य केंद्र सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम रहा, जहां एक साथ 10 हजार दीये जलाए गए। नगर निगम वाराणसी और खेल प्रेमियों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी ने पहला 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

खिलाड़ियों ने दीयों से बनाई आकर्षक आकृतियां

स्टेडियम परिसर में स्थानीय पार्षदों, भाजपा कार्यकर्ताओं, खेल संघ के पदाधिकारियों और युवा खिलाड़ियों ने एक साथ मिलकर दीये जलाए। खिलाड़ियों ने दीयों के माध्यम से पीएम मोदी के नाम और खेल से जुड़ी आकर्षक आकृतियां उकेरीं तथा काशी के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के अभूतपूर्व कायाकल्प के लिए प्रधानमंत्री का आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम के दौरान महापौर और खिलाड़ियों ने एक स्वर में प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की मंगल कामना की।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित गणमान्य:

इस अवसर पर एसडीएम (सदर) व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नीतिश सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी नवीन सिंह, साई (SAI) के सहायक निदेशक सुधांशु द्विवेदी, वॉलीबॉल संघ के सचिव सर्वेश पांडेय, कनाई चंद्रकला पत्ता, अतुल पांडेय, रोहित सिंह, कोच पूजा यादव, कोच आशीष, भाजपा नेता आत्मा विशेश्वर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।