Varanasi PM Modi Visit: पीएम मोदी के काशी दौरे और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा की तैयारियां तेज
25 अक्टूबर को पीएम नरेंद्र मोदी का वाराणसी आगमन संभव: 7 अक्टूबर को रोहनिया में नितिन नवीन की विशाल रैली; सीएम योगी और हिमंत बिस्वा सरमा भी होंगे शामिल
वाराणसी / भदैनी मिरर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित काशी दौरे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 7 अक्टूबर को वाराणसी आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस महकमा पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। कार्यक्रमों को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मिर्जामुराद, जंसा और रोहनिया क्षेत्रों में प्रस्तावित सभा स्थलों एवं हेलीपैड का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, डीआईजी शिवहरि मीणा और राजातालाब एसडीएम शांतनु कुमार सिनसिनवार ने रूपापुर-भड़ेहरा (मिर्जामुराद) स्थित अरविंद टेक्सटाइल कंपनी, जंसा के गंजारी स्थित सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय तथा रोहनिया के जगतपुर खेल मैदान की व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
7 अक्टूबर: रोहनिया में जुटेगी 50 हजार की भीड़
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 7 अक्टूबर को रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा में लगभग 50 हजार लोगों की भारी भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल राजनीतिक मंच पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
25 अक्टूबर: पीएम मोदी के आगमन की तैयारी, हेलीपैड का निरीक्षण
वहीं दूसरी ओर, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को काशी आगमन के मद्देनजर गंजारी स्थित सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय और अरविंद टेक्सटाइल कंपनी परिसर को संभावित कार्यक्रमों के लिए तैयार किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए रूपापुर खेल मैदान में संभावित हेलीपैड के निर्माण व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार सिनसिनवार और नायब तहसीलदार संग्राम सिंह ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों के लगातार निरीक्षण से दोनों हाई-प्रोफाइल कार्यक्रमों की तैयारियों में गति आ गई है।