{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: PM मोदी ने महापौर को भी मिलाया फोन, बाढ़ और राहत शिविरों की स्थिति का हाल जाना

प्रधानमंत्री ने राहत शिविरों में भोजन, पानी व दवाओं की व्यवस्था पर की चर्चा; सभी जनप्रतिनिधियों व पार्षदों को आपसी समन्वय से धरातल पर काम करने के दिए निर्देश

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गंगा के बढ़ते जलस्तर और तटीय इलाकों में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को लेकर नगर निगम प्रशासन से सीधी जानकारी ली है। गुरुवार को पीएम मोदी ने वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी से टेलीफोन पर वार्ता कर शहर की स्थिति और राहत कार्यों की गहन समीक्षा की।

राहत शिविरों की व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा

वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित किए गए राहत शिविरों के संचालन की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने महापौर से पूछा कि शिविरों में रह रहे प्रभावित परिवारों के लिए खाद्य सामग्री, शुद्ध पेयजल, आवश्यक दवाएं और अन्य मूलभूत सुविधाएं किस तरह उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रधानमंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि शरण लिए नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी जरूरी सेवाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

जनप्रतिनिधियों और पार्षदों को समन्वय का निर्देश

आपदा प्रबंधन पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि इस कठिन समय में सभी जनप्रतिनिधि और नगर निगम के पार्षद आपसी समन्वय के साथ धरातल पर उतरकर काम करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि लगातार जनता के बीच सक्रिय रहें और पीड़ितों तक हर संभव मदद पहुंचाना सुनिश्चित करें, जिससे आपदा के प्रभाव को कम किया जा सके और प्रभावितों को तुरंत राहत मिल सके।