{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: 80 वें स्वंतत्रता दिवस के पूर्व संध्या पर खिलाड़ियों बाटे गए तिरंगे

हर घर तिरंगा अभियान के तहत कमलेश गुप्ता करन ने किया वितरण

 

वाराणसी। क्षेत्र के गंगापुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत गंगापुर हॉकी एकेडमी के मैदान में खिलाड़ियों के बीच राष्ट्रध्वज का वितरण किया गया। अपना दल एस के नामित सभासद कमलेश गुप्ता करन ने खिलाड़ियों को तिरंगे वितरित किए और उन्हें देश की आजादी तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर अपना दल एस के सभासद कमलेश गुप्ता करन और सभासद चरनदास गुप्ता ने कहा कि आजादी देश की एक महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसे प्राप्त करने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना बलिदान दिया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को सदैव याद रखने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में राष्ट्रध्वज प्राप्त करने को लेकर काफी उत्साह देखा गया। एकेडमी के मैदान में तिरंगे के साथ देशभक्ति का माहौल बन गया। खिलाड़ियों ने राष्ट्रध्वज का सम्मान करते हुए स्वतंत्रता दिवस को जोश के साथ मनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर गंगापुर हॉकी एकेडमी के सचिव अवधेश मौर्या, कोच मोहम्मद अंसारी, सुपरवाइजर विनय सिंह, कोषाध्यक्ष एवं तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह सहित एकेडमी के अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।