Varanasi: जबलपुर नाव हादसे के पीड़ितों के लिए काशी में फूटा दर्द, व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकाल कर दी श्रद्धांजलि
गोदौलिया-दशाश्वमेध के युवाओं ने की मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना
वाराणसी: मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी के डैम में नौका विहार के दौरान हुई दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले दर्जनों लोगों की आत्मा की शांति के लिए शनिवार को धर्मनगरी काशी के गोदौलिया-दशाश्वमेध क्षेत्र के युवा व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकाला और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाबा विश्वनाथ के चरणों में स्थान की प्रार्थना
युवा व्यापारियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर एक जुलूस निकाला। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मौन रखकर मृतकों को नमन किया। समाजसेवी और युवा व्यापारी मोहित यादव ने कहा, "जबलपुर में हुई यह घटना अत्यंत दुखद है, जिससे हर भारतवासी का हृदय व्यथित है। हम बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा से प्रार्थना करते हैं कि इन पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को यह असह्य दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।"
लापरवाही पर उठे सवाल: "लाखों जिंदगियों से न खेलें नाविक"
श्रद्धांजलि सभा के दौरान व्यापारियों ने इस हादसे के पीछे की लापरवाही पर गहरा रोष व्यक्त किया। मोहित यादव ने कहा कि मौसम विभाग ने पहले ही आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया था, इसके बावजूद नाविकों ने यात्रियों को बिना लाइफ जैकेट पहनाए बीच लहरों में उतारा। उन्होंने इसे प्रशासन की बड़ी चूक और नाविकों की आपराधिक लापरवाही बताया।
सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
मोहित यादव ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि:
-
बिना लाइफ जैकेट के नौकायन कराने वाले नाविकों के खिलाफ हत्या के प्रयास जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
-
पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
-
खतरनाक क्षेत्रों में लाइफ जैकेट की उपलब्धता अनिवार्य की जाए, क्योंकि पर्यटक अपनी सुरक्षा के भरोसे ही घूमने निकलते हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से विकास यादव, हरिओम यादव, मुन्ना लाल यादव, सोनी सिन्धी सहित दर्जनों की संख्या में युवा व्यापारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।