वाराणसी पीएसी में नकल कांड: दो आरक्षी सस्पेंड, एक पर कार्रवाई की संस्तुति
भुल्लनपुर स्थित 34वीं वाहिनी पीएसी प्रशिक्षण केंद्र में RTC परीक्षा के दौरान नकल कराने का प्रयास, निरीक्षण में खुली पोल
वाराणसी। भुल्लनपुर स्थित प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) प्रशिक्षण केंद्र की 34वीं वाहिनी में आयोजित आरटीसी परीक्षा के दौरान नकल कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
परीक्षा के दौरान निरीक्षण में खुलासा
जानकारी के अनुसार, 34वीं वाहिनी पीएसी में करीब 600 प्रशिक्षु आरक्षियों की RTC परीक्षा आयोजित की जा रही थी। इसी दौरान अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे अधिकारियों को देखकर तीन पीटीआई मौके से भागने लगे। संदेह होने पर अधिकारियों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया।
नकल कराने की कोशिश में पकड़े गए
जांच में सामने आया कि संबंधित पीटीआई प्रशिक्षुओं को नकल कराने का प्रयास कर रहे थे। इस गंभीर लापरवाही के बाद तत्काल कार्रवाई की गई।
दो आरक्षी निलंबित, एक पर संस्तुति
इस मामले में
-
विपुल कुमार मलिक (आरक्षी, ITI)
-
आशुतोष कुमार राय (आरक्षी, PTI)
को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, राजू कुमार (आरक्षी, PTI), जो वर्तमान में रायबरेली पुलिस लाइन में तैनात हैं, उनके खिलाफ निलंबन की संस्तुति करते हुए संबंधित जनपद को पत्र भेजा गया है।
जांच के आदेश
पूरे मामले की जांच सहायक सेनानायक को सौंप दी गई है। साथ ही घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है। प्रशिक्षण केंद्र जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुटे हैं।