{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: फ्लोर मिल कारोबारी से 7 लाख से अधिक की धोखाधड़ी, इंटरप्राइजेज के मालिक पर मुकदमा दर्ज

माल लिया पूरा, भुगतान सिर्फ 2 लाख! वाराणसी में फ्लोर मिल संचालक से लाखों की धोखाधड़ी

 
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में व्यापारिक लेन-देन में धोखाधड़ी और लाखों रुपये हड़पने का एक गंभीर मामला सामने आया है। शाहगंज और सिंघल फ्लोर मिल के मालिक से करीब 9 लाख रुपये का माल लेने के बाद, आरोपी व्यवसायी ने मात्र 2 लाख रुपये का भुगतान किया और शेष 7.08 लाख रुपये की राशि डकार गया। पीड़ित की तहरीर पर राजातालाब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी के महमूरगंज (मनीष अपार्टमेंट, C2) निवासी जगदीश माहेश्वरी 'सिंघल रोलर फ्लोर मिल' और 'शाहगंज फ्लोर मिल प्राइवेट लिमिटेड' का संचालन करते हैं। उनकी मिलों से विभिन्न दुकानदारों और प्रतिष्ठानों को चोकर, सूजी, आटा और मैदा जैसे खाद्य पदार्थों की आपूर्ति की जाती है। इसी व्यापारिक सिलसिले में राजातालाब स्थित 'अवधेश इंटरप्राइजेज' के मालिक अवधेश केशरी ने उनसे बड़ी मात्रा में माल खरीदा था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि अवधेश इंटरप्राइजेज को दो अलग-अलग तारीखों में कुल 09,08,081 रुपये का माल सप्लाई किया गया था। पहली सप्लाई 13 मई 2024 को 4,71,081 रुपये की और दूसरी सप्लाई 01 जुलाई 2024 को 4,37,000 रुपये की हुई थी।
पैसे मांगने पर दी जा रही आनाकानी और बहानेबाजी 
माल मिलने के बाद आरोपी अवधेश केशरी ने 13 अगस्त 2024 को केवल 2 लाख रुपये का आंशिक भुगतान किया। इसके बाद बची हुई 7 लाख 8 हजार 81 रुपये की भारी-भरकम धनराशि देने में वह आनाकानी करने लगा। पीड़ित कारोबारी ने जब भी अपनी बकाया रकम मांगी, आरोपी ने बेईमानी की नीयत से पैसे हड़पने के उद्देश्य से हर बार नया बहाना बनाया और टालमटोल करता रहा। बार-बार तगादा करने के बावजूद जब पैसे नहीं मिले, तब पीड़ित जगदीश माहेश्वरी ने न्याय की गुहार लगाते हुए राजातालाब थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। वही राजातालाब पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही में जुट गई है।