वाराणसी में सीजन की सबसे ठंडी रात: कोहरा–बारिश–बर्फबारी को लेकर 10 राज्यों में येलो अलर्ट
पछुआ हवा से गलन बढ़ी, अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री नीचे
कोहरे संकट पर IMD की चेतावनी — यूपी, बिहार, झारखंड व हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट लागू
वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी में ठंड ने इस बार नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। पछुआ हवाओं के असर से रविवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो कि इस सीजन का अब तक का सबसे कम दर्ज तापमान है। शनिवार की तरह रविवार को भी ठंडी हवाओं ने गलन बढ़ा दी। दिनभर छिटपुट धूप के बावजूद कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिली।
दोपहर में करीब आधे घंटे धूप निकलने से लोगों को आस बंधी थी, लेकिन तेज पछुआ हवा के चलते फिर ठंड का प्रकोप बढ़ गया। अधिकतम तापमान भी गिरकर 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5.6 डिग्री कम रहा।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से मौसम में तेज ठंडक महसूस की जा रही है। तापमान में अभी और गिरावट संभव है।
उत्तर भारत में कोहरा–बारिश–बर्फबारी का अलर्ट
इधर, उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, कोहरे और बर्फबारी का भारी असर देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे की स्थिति आने वाले एक हफ्ते तक बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने रविवार को हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 10 से अधिक राज्यों में येलो अलर्ट लागू किया गया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में घना कोहरा रहेगा जारी
IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अखिल श्रीवास्त ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति 23 दिसंबर तक बनी रह सकती है। जबकि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अभी येलो अलर्ट प्रभावी है, जो 25 से 28 दिसंबर के बीच बहुत घने कोहरे में बदल सकता है।
दिल्ली में रविवार को मध्यम कोहरे की स्थिति रही और सोमवार को भी ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और बारिश — ऑरेंज अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में भी मौसम ने करवट ली है। रविवार को कई पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने वहां बर्फबारी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
- सुबह और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचें
- वाहन चलाते समय फॉग लाइट और धीमी गति का उपयोग करें
- बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग ठंडी हवाओं से बचें
- बुहारी कपड़ों का प्रयोग अनिवार्य करें